लोकसभा चुनाव 2024 में बिहार में सभी राजनीतिक दलों ने मुस्लिम उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारने में जबरदस्त कंजूसी दिखाई है। एनडीए गठबंधन में जदयू की ओर से सिर्फ एक मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट दिया गया है।
जबकि मुस्लिम-यादव कोर वोट बैंक के दम पर साल 1990 से 2005 तक लगातार 15 साल तक बिहार में अकेले दम पर सरकार चलाने वाली राजद ने सिर्फ दो मुस्लिम उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने भी दो मुस्लिम नेताओं को अपना प्रत्याशी बनाया है। इंडिया गठबंधन में शामिल अन्य दलों- वीआईपी और वामपंथी पार्टियों ने किसी भी मुस्लिम चेहरे को चुनाव मैदान में नहीं उतारा है।
एनडीए गठबंधन में बीजेपी, राष्ट्रीय लोक मोर्चा, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने किसी भी मुस्लिम चेहरे को प्रत्याशी नहीं बनाया है। हालांकि इन सभी राजनीतिक दलों को मुस्लिम मतदाताओं के वोट भरपूर संख्या में चाहिए।

Bihar RJD lok sabha candidates list 2024: किस-किस को मिला टिकट
राजद ने अररिया सीट पर जोकीहाट से पार्टी के विधायक शाहनवाज आलम को और मधुबनी से एम.ए.ए. फातमी को टिकट दिया है जबकि कांग्रेस की ओर से पूर्व सांसद तारिक अनवर कटिहार से और मोहम्मद जावेद किशनगंज सीट से चुनाव लड़ेंगे। जदयू ने किशनगंज से मुजाहिद आलम को उम्मीदवार बनाया है।
पार्टी | कुल उम्मीदवार | मुस्लिम उम्मीदवार | यादव उम्मीदवार | अन्य जाति के उम्मीदवार |
राजद | 23 | 2 | 9 | 12 |
कांग्रेस | 9 | 2 | 0 | 7 |
जदयू | 16 | 1 | 2 | 13 |
बीजेपी | 17 | 0 | 3 | 14 |
वीआईपी | 3 | 0 | 0 | 3 |
माले | 3 | 0 | 1 | 2 |
सीपीआई | 1 | 0 | 1 | 0 |
सीपीएम | 1 | 0 | 0 | 1 |
लोजपा | 5 | 0 | 0 | 5 |
हम (सेक्युलर) | 1 | 0 | 0 | 1 |
रालोमो | 1 | 0 | 0 | 1 |
बीते दिनों बिहार में एनडीए को मुस्लिम समुदाय की ओर से तब झटका लगा था जब दो बार खगड़िया सीट से सांसद रहे चौधरी महबूब अली कैसर ने लोक जन शक्ति पार्टी का साथ छोड़कर आरजेडी का दामन थाम लिया था।
Lok Sabha Election Bihar: बिहार से चुने गए मुस्लिम सांसद
बिहार के लोकसभा चुनाव के नतीजों की बात करें तो राज्य से सबसे अधिक छह मुस्लिम सांसद 1998 के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज कर संसद पहुंचे थे।
साल | चुने गए सांसदों की संख्या |
1980 | 4 |
1984 | 4 |
1989 | 3 |
1991 | 5 |
1996 | 4 |
1998 | 6 |
1999 | 5 |
2004 | 4 |
2009 | 3 |
2014 | 4 |
2019 | 2 |

Bihar Muslim Politics: बिहार में मुस्लिम वोटों का असर
बिहार में मुस्लिम वोटरों की अच्छी-खासी तादाद है। नीतीश सरकार के द्वारा बीते साल कराई गई जाति जनगणना के मुताबिक बिहार की कुल आबादी में 17.70% मुसलमान हैं।
बिहार में 13 लोकसभा सीटें ऐसी हैं, जहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या 12 से 67 फीसदी के बीच है। किशनगंज के बाद कटिहार में मुस्लिम मतदाता 38%, अररिया में 32 %, पूर्णिया में 30 %, मधुबनी में 24 %, दरभंगा में 22 %, सीतामढ़ी में 21 %, पश्चिमी चंपारण में 21% और पूर्वी चंपारण में लगभग 20 % मुस्लिम मतदाता हैं। इसके अलावा सीवान, सुपौल, मधेपुरा, शिवहर, खगडिय़ा, भागलपुर, औरंगाबाद, पटना और गया में 15% से अधिक मुस्लिम मतदाता हैं।
Kishanganj Lok Sabha Election 2024: नीतीश पहुंचे किशनगंज, मुस्लिमों से की अपील
बीते रविवार को किशनगंज सीट से जदयू के उम्मीदवार मुजाहिद आलम की चुनावी सभा में नीतीश कुमार ने मुस्लिम समुदाय से अपील की कि वह लोकसभा चुनाव में एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में वोट करें। नीतीश ने अपने भाषण के दौरान मुस्लिम समुदाय के लिए किए गए तमाम कामों को भी गिनाया। इसमें 8000 कब्रिस्तानों की तारबाड़ करवाना, मदरसों में बुनियादी जरूरतें उपलब्ध करवाना और बिहार के अंदर होने वाले सांप्रदायिक संघर्ष की घटनाओं को रोकना आदि शामिल है। उन्होंने लोगों को राजद के शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि वह उनकी सरकार के द्वारा किए गए कामों को ना भूलें।
नीतीश ने मुस्लिम मतदाताओं से पूछा कि क्या वह उनकी सरकार के द्वारा किए गए कामों को भूल जाएंगे। क्या वह किशनगंज सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार मोहम्मद जावेद को वोट दे देंगे?
बताना होगा कि किशनगंज बिहार का एकमात्र ऐसा जिला है जहां मुस्लिम आबादी हिंदुओं से ज्यादा है। किशनगंज में 68 प्रतिशत मुस्लिम आबादी है और यह अकेली ऐसी सीट है जहां पर एनडीए ने मुस्लिम उम्मीदवार उतारा है।