लोकसभा चुनाव 2024 से कुछ महीने पहले ज‍िस अयोध्‍या में राम मंद‍िर की प्राण प्रत‍िष्‍ठा के नाम पर बीजेपी ने वोट मांगा, वहां उसके उम्‍मीदवार लल्‍लू स‍िंह को जीत के लाले पड़ गए।

2014 और 2019 में लगातार जीतने वाले लल्‍लू स‍िंह 2024 में सपा उम्‍मीदवार से लगातार पीछे चल रहे हैं। पांच बार के व‍िधायक लल्‍लू स‍िंह तीसरी बार अयोध्‍या से संसद पहुंचने की लड़ाई लड़ रहे हैं।

2019 में वह करीब 50 फीसदी वोट पाकर 65477 मतों के अंतर से जीते थे। तब फैजाबाद में कुल 1087121 वोट पड़े थे। इनमें से 529021 लल्‍लू स‍िंह को म‍िले थे।

फैजाबाद में क‍िसे म‍िले क‍ितने वोट?

फैजाबाद सीट से बीजेपी ने इस बार लल्लू सिंह को फिर मौका दिया है, वही सपा ने अवधेश प्रसाद को उतारा है। प‍िछले चुनाव में बीजेपी को 48.66 प्रत‍िशत और सपा को 42.64 फीसदी वोट म‍िले थे। बता दें क‍ि 2019 में सपा के साथ बसपा भी थी। इस बार सपा के साथ कांग्रेस है। सपा उम्‍मीदवार को इस बार भी प‍िछली बार के बराबर ही वोट म‍िले हैं, जबक‍ि भाजपा के वोट प्रत‍िशत में करीब पांच फीसदी की कमी आई है।

पार्टी प्रत्याशी म‍िले वोट
बीजेपी लल्लू सिंह497825
सपा अवधेश प्रसाद552177
बसपा सच्चिदानंद पांडे 45993
सीपीआई अरविंद सेन 15347
निर्दलीय सुनील कुमार 3814
निर्दलीय जगत सिंह 1248
चुनाव आयोग की वेबसाइट पर 4 जून, शाम 6.30 बजे उपलब्‍ध आंकड़ों के मुताब‍िक

फैजाबाद लोकसभा चुनाव परिणाम

फैजाबाद से अब तक कुल सात बार कांग्रेस जीती है, चार बार बीजेपी और एक-एक बार समाजवादी पार्टी, बीएसपी और भाकपा ने जीत दर्ज की है। पिछले दो बार से लगातार इस सीट से बीजेपी जीत का परचम लहरा रही है।

पिछले आम चुनावों में यहां बीजेपी के लल्लू सिंह ने जीत हासिल की थी, उन्होंने सपा के आनंद सेन यादव को हराया था। लल्लू सिंह को 5.29 लाख और आनंद को 4.63 लाख वोट मिले थे। वहीं, 2014 के लोकसभा चुनावों की बात की जाए तो फैजाबाद से बीजेपी के लल्लू सिंह ने जीत हासिल की थी, उन्होंने सपा के मित्रसेन यादव को हराया था। लल्लू सिंह को 4.91 लाख और मित्रसेन को 2.08 लाख वोट मिले थे।

Source- Indian Express

फैजाबाद का जातीय समीकरण

फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र में पांच विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें से चार (दरियाबाद, रुदौली, बीकापुर और अयोध्या) पर भाजपा का कब्जा है जबकि एक (मिल्कीपुर) का प्रतिनिधित्व सपा के अवधेश प्रसाद करते हैं।  फैजाबाद सीट पर 84 फीसदी के करीब हिंदू वोटर हैं, वहीं 26 प्रतिशत ओबीसी समुदाय हैं। यहां 13 प्रतिशत मुस्लिम वोटर्स हैं। योगी सरकार ने कुछ सालों पहले ही फैजाबाद जिले का नाम बदलकर अयोध्या जिला कर दिया था।