हरियाणा की राजनीति में सबसे जोरदार और दिलचस्प ट्विस्ट यह है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के संभावित गठबंधन को लेकर चर्चाओं का बाजार पूरी तरह गर्म है। टीवी, चैनल, अखबारों और सोशल मीडिया पर आप और कांग्रेस के मिलकर हरियाणा में चुनाव लड़ने की खबरें चल रही हैं। लेकिन हरियाणा कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा आप के साथ गठबंधन के पक्ष में नहीं दिखाई देते।

लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद से ही भूपेंद्र सिंह हुड्डा कई बार इस बात को कह चुके हैं कि कांग्रेस पूरे राज्य के अंदर सभी 90 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।

हरियाणा में 5 अक्टूबर को वोटिंग होगी और 8 अक्टूबर को नतीजे आएंगे।

अहीरवाल में है राव इंद्रजीत सिंह का असर। (Source-FB)

लोकसभा चुनाव में किया था गठबंधन

यहां याद दिलाना होगा कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करने के बाद ही लड़ा था। तब पार्टी ने 9 सीटों पर चुनाव लड़ा था और एक सीट कुरुक्षेत्र पर आप के हरियाणा संयोजक सुशील गुप्ता मैदान में उतरे थे।

कांग्रेस को 9 में से 5 सीटों पर जीत मिली थी और पिछले चुनाव के मुकाबले उसके वोट शेयर और सीटों दोनों में ही इजाफा हुआ था।

लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी को हुआ नुकसान

राजनीतिक दलविधानसभा चुनाव 2014 में मिली सीट लोकसभा चुनाव 2014 में मिली सीट विधानसभा चुनाव 2019 में मिली सीटलोकसभा चुनाव 2019 में मिली सीट लोकसभा चुनाव 2024 में मिली सीट
कांग्रेस 15131 05
बीजेपी 47740105

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का वोट शेयर बढ़ा, बीजेपी का घटा

राजनीतिक दललोकसभा चुनाव 2019 में मिले वोट (प्रतिशत में)लोकसभा चुनाव 2024 में मिले वोट (प्रतिशत में)
कांग्रेस 28.51 43.67
बीजेपी 58.2146.11 

लोकसभा चुनाव के नतीजे से भूपेंद्र सिंह हुड्डा जोश में थे और हरियाणा की सियासत की नब्ज समझने वाले इस जाट नेता ने कई बार यह खुलकर कहा कि पार्टी विधानसभा चुनाव में किसी भी तरह का गठबंधन नहीं करेगी। लेकिन बीते दो दिनों में टीवी से लेकर अखबारों और सोशल मीडिया में इस तरह की खबरें चलने लगी कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी चाहते हैं कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन हो।

राहुल गांधी ने बनाई कमेटी

राहुल गांधी इस मामले में बेहद गंभीर तब दिखाई दिए जब उन्होंने आम आदमी पार्टी से बातचीत के लिए चार सदस्यों की कमेटी बना दी। इस कमेटी में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया और हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान को शामिल किया गया है।

राहुल गांधी की कोशिश है कि गठबंधन करके चुनाव मैदान में उतरा जाए जिससे बीजेपी को सत्ता से बाहर किया जा सके। लेकिन पार्टी के लिए मुश्किल अपने हैवीवेट नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा को मनाने की है।

समाजवादी पार्टी भी हरियाणा में दो से चार सीटें चाहती है लेकिन हुड्डा को इस बात का भरोसा है कि हरियाणा में कांग्रेस अकेले ही चुनाव में जीत हासिल कर सकती है और उसे किसी के साथ गठबंधन करने की जरूरत नहीं है।

हरियाणा और दिल्ली की राजनीति से आ रही खबरों के मुताबिक, हुड्डा ने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व को अपनी राय बता दी है लेकिन राहुल गांधी विपक्ष की एकजुटता चाहते हैं।

पिछले विधानसभा चुनाव में जेजेपी को मिली थी 10 सीटें। (Source-FB)

गठबंधन को लेकर आगे बढ़ी आप

कांग्रेस की इस पहल का आम आदमी पार्टी ने स्वागत किया। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा है कि हमारी प्राथमिकता बीजेपी को हराना है। आम आदमी पार्टी ने गठबंधन को लेकर कांग्रेस से बात फाइनल करने के लिए हरियाणा के प्रभारी संदीप पाठक और प्रदेश संयोजक सुशील गुप्ता को अधिकृत किया है।

5 से 7 सीटें देने को राजी है कांग्रेस

आम आदमी पार्टी के अलावा कांग्रेस सपा और माकपा को भी हरियाणा में अपने साथ जोड़ने पर काम कर रही है। ऐसी खबरें आ रही हैं कि कांग्रेस आप को 5 से 7 सीटें देने पर राजी हो सकती है जबकि सपा व माकपा को भी वह एक-एक सीट देने पर विचार कर रही है।

आम आदमी पार्टी कम से कम 15 से 20 सीटों पर दावेदारी कर रही है देखना होगा कि चुनाव में अगर कांग्रेस और आप का गठबंधन हुआ तो कितनी सीटों पर बात बनेगी।

अगर आप और कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल हरियाणा में साथ आए तो निश्चित रूप से इस राज्य में बीजेपी के लिए चुनौतियां बढ़ना तय है।

किसे मिलेगी जीत?(Source-FB)

पंजाबी वोटों पर भी है नजर

विपक्षी एकजुटता के अलावा कांग्रेस की नजर हरियाणा के पंजाबी वोटर्स पर भी है। हरियाणा में करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला ऐसे इलाके हैं, जहां पर पंजाबी समुदाय के मतदाताओं की संख्या ठीक-ठाक है। इसके अलावा सिरसा का जिला भी पंजाब से लगता है और कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व को ऐसी उम्मीद है कि आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करने से न सिर्फ बीजेपी के खिलाफ एक मजबूत गठजोड़ तैयार होगा बल्कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार होने की वजह से कुछ सीटों पर सियासी फायदा भी मिलेगा।

बीजेपी भी लगा रही गठबंधन के लिए जोर

दूसरी ओर राज्य में सरकार चला रही बीजेपी गोपाल कांडा की हरियाणा लोकहित पार्टी, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोकदल और विनोद शर्मा की हरियाणा जनचेतना पार्टी के साथ गठबंधन की संभावनाओं को खंगाल रही है।