अलिंद चौहान:
K Annamalai Rafale Watch: तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई (Tamil Nadu BJP President K. Annamalai) की राफेल घड़ी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एम. के. स्टालिन की सरकार में मंत्री सेंथिल बालाजी (Senthil Balaji) ने अन्नामलाई की घड़ी को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या विदेशी घड़ी पहनना एक राष्ट्रवादी होना है? उन्होंने सवाल उठाया कि सिर्फ चार बकरियां और गायें रखने का दावा करने वाला आदमी पांच लाख की घड़ी कैसे पहन सकता है? इतना ही नहीं, उन्होंने घड़ी की रसीद दिखाने की भी मांग की है, इस पर अब अन्नामलाई ने जवाब दिया है।
अन्नामलाई की घड़ी पर मचा बवाल
अन्नामलाई ने कहा कि उन्होंने यह घड़ी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले अपनी मेहनत की कमाई से खरीदी थी और वह इसका बिल दिखाने को भी तैयार हैं। उन्होंने दावा किया है कि तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई ने 18 दिसंबर को दावा किया कि घड़ी उसी मेटल से बनाई गई है, जिससे फ़्रांस से भारत आये राफेल जेट (Rafale jet) को बनाया गया है। उन्होंने देशभक्ति की भावना से घड़ी पहनने के लिए चुना था। अन्नामलाई ने कहा कि “मैं इसे इसलिए पहनता हूं क्योंकि मैं एक देशभक्त हूं और यह घड़ी मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। चूंकि मैं राफेल जेट नहीं उड़ा सकता, इसलिए मैं मरते दम तक इस घड़ी को पहनूंगा।’
जानिए राफेल घड़ी के बारे में!
अन्नामलाई के पास जो घड़ी है, वह फ्रांसीसी घड़ी निर्माता बेल एंड रॉस की बीआर 03 राफेल (Bell & Ross’s BR 03 Raphael) है। इसे 2015 में लांच किया गया, घड़ी को डसॉल्ट एविएशन की मदद से तैयार किया गया है, जो राफेल लड़ाकू जेट भी बनाता है। बेल एंड रॉस की वेबसाइट के अनुसार, यह घड़ी 500 यूनिट ही बनाई गई है। इसके लॉन्च के समय, घड़ी की कीमत 5,200 यूरो थी, जो कि आज के हिसाब से लगभग 4.57 लाख रुपये होते हैं।
राफेल घड़ी एक क्रोनोग्रफ़ है, जो समय बताने के साथ ही साथ स्टॉपवॉच के रूप में भी कार्य कर सकती है। पहले पायलटों द्वारा क्रोनोग्रफ़ भी पहने जाते थे, क्योंकि वे उन्हें गति और दूरी की गणना में मदद करते थे। हालांकि धीरे-धीरे इनकी जगह नए उपकरण लेते गए। यह घड़ी हाइपोएलर्जेनिक गुणों के साथ-साथ गर्मी के खिलाफ उच्च प्रतिरोध के लिए भी जानी जाती है।
42 मिमी की चौड़ाई वाली राफेल घड़ी, विमान के डिज़ाइन से अपना संकेत देती है। जबकि इसका केस स्टील्थ मैट ब्लैक कलर में बनाया गया है, जो हवाई जहाज के कॉकपिट में इंस्ट्रूमेंट पैनल के एंटी-रिफ्लेक्टिव टिंट्स से मिलता जुलता है। डायल भी राफेल जेट के समान मैट ग्रे रंग का है। एक बार चार्ज होने के बाद यह घड़ी 42 घटें तक चल सकती है। इतना ही नहीं, पानी में 100 मीटर गहराई तक यह घड़ी काम करने में सक्षम है।