लोकसभा चुनाव 2024 के बीच कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू को इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL2024) में कमेंट्री करते देखा जाएगा। शेरी पा लंबे समय बाद कमेंट्री में वापसी करेंगे। कमेंट्री के दौरान उनके शेरों-शायरी का अंदाज लोगों को काफी रोमांचित करता है। वह अलग-अलग ब्रॉडकास्टर्स के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ-साथ आईपीएल में भी कमेंट्री कर चुके हैं।

आईपीएल के 17वें सीजन की शुरुआत 22 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के बीच मुकाबले से होगी। इससे पहले स्टार स्पोर्ट्स ने जानकारी दी है कि नवजोत सिंह सिद्धू कमेंट्री करते दिखाई देंगे। 2001 में भारत के श्रीलंका दौरे के दौरान सिद्धू ने कमेंट्री करियर की शुरुआत की।

सिद्धू का क्रिकेट करियर

सिद्धू बहुत जल्द अपने मजाकिया वन-लाइनर्स के लिए प्रसिद्ध हो गए। कॉमेडी और क्रिकेट की जानकारी का तड़का लगा तो उनकी कमेंट्री घर-घर में फेमस हो गई। सिद्धू के क्रिकेट करियर की बात करें तो उनती गिनती स्टाइलिश बल्लेबाजों में होती है। उनका करियर 1983 से 1998 तक चला। 15 साल में 51 टेस्ट और 136 एकदिवसीय मैचों में उन्होंने क्रमशः 15 शतक और 48 अर्धशतक के साथ 3202 और 4413 रन बनाए।

राजनीति ही नहीं मनोरंजन जगत में भी दिया है योगदान

सिद्धू साल 2004 में भाजपा में शामिल हुए थे। वह संसद के दोनों सदनों में रह चुके हैं। पंजाब सरकार में मंत्री पद भी संभाल चुके हैं। भाजपा से अलग होने के बाद साल 2017 में सिद्धू कांग्रेस में शामिल हो गए थे। क्रिकेट और राजनीति के अलावा उन्होंने मनोरंजन जगत में भी योगदान दिया है। वह कई चर्चित शो जैसे, बिग बॉस, द कपिल शर्मा शो, लाफ्टर चैलेंज, एक्स्ट्रा इनिंग विद टी20 आदि में रह चुके हैं। उन्होंने टेलीविजन सीरियल में भी काम किया है। पिछले दिनों सिद्धू को एक पुराने मामले में जेल जाना पड़ा था। इस बीच लोकसभा चुनाव नजदीक है लेकिन वह राजनीतिक के मैदान में नहीं बल्कि क्रिकेट के कमेंट्री बॉक्स में लोगों क मनोरंजन करते दिखेंगे।