दिसंबर 2022 में सड़क दुर्घटना का शिकार होने के बाद ऋषभ पंत मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं। 14 महीने तक वह मैदान से दूर रहे। इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) में उन्हें दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए खेलने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अनुमति दे दी है। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने उनका स्वागत करते हुए इमोशनल वीडियो शेयर किया है।

दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत का अनोखे तरीके से स्वागत किया। वीडियो में फ्रेंचाइजी एक बच्चे के माध्यम से विकेटकीपर बल्लेबाज जर्सी भेजती है। वह बच्चा कहता है, ” आपको बहुत मिस किया रिशु भईया।” यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रशंसक इस खिलाड़ी की वापसी को लेकर उत्साहित हैं। नीचे यह पूरा वीडियो देख सकते हैं।

कब खेलेंग पहला मैच?

दिसंबर 2022 के बाद पहली बार ऋषभ पंत, 23 मार्च को चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मैच खेलने उतरेंगे। सभी की निगाहें उन पर होंगी क्योंकि बीसीसीआई सचिव जय शाह ने भी कहा है कि अगर वह अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो उनके टी20 विश्व कप में चुने जा सकते हैं।

22 मार्च से आईपीएल 2024 की शुरुआत

इंडियन प्रीमियर लीग 2024 की शुरुआत 22 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के बीच मैच से होगी। यह मैच चेपक में खेला जाएगा। आईपीएल 2024 पूरा शेड्यूल अभी जारी नहीं हुआ है। लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर फिलहाल 15 दिनों का शेड्यूल जारी हुआ है। कुछ ही दिन में पूरा शेड्यूल जारी होगा।