कहते हैं कि सपने देखने और उन्हें पूरा करने की कोई उम्र नहीं होती। दिल में हौसला हो तो सफर आसान हो जाता है। 81 साल की इन दो सहेलियों ने साबित कर दिया है कि सपने को कभी भी पूरा किया जा सकता है। ये दोनों बेस्ट फ्रेंड हैं। इनका नाम ऐली हैम्बी और सैंडी हेजेलिप है। दोनों संयुक्त राज्य अमेरिका के टेक्सास की रहने वाली है। जिस उम्र में लोग खुद को संभाल नहीं पाते उस उम्र में दोनों ने पूरी दुनिया घूम ली है। ये एक दूसरे की हिम्मत है, सहारा हैं और दोस्त हैं। आज दुनिया इनकी दोस्ती की मिसाल दे रही है। इनकी कहानी अब वायरल हो रही है और लोग इनके बारे में काफी चर्चा कर रहे हैं।

23 साल पुरानी है दोस्ती

असल में ऐली हैम्बी एक इंटरनेशनल डॉक्यूमेंट्री फोटोग्राफर है और सैंडी हेज़ेलिप एक डॉक्टर हैं जो रोगियों की देखभाल करती हैं। दोनों की दोस्ती 23 साल पुरानी है। दोनों 80 दिनों में दुनिया के सात महाद्वीपों का दौरा कर लौटी हैं। दोनों की यात्राओं में भारत के ऐतिहासिक स्थल भी शामिल हैं।

एक दिन सैंडी के मन में ख्याल आया और ऐली से कहा कि क्या हम 80 साल के होने पर 80 दिनों में दुनिया घूमने के बारे में सोच सकते हैं? मगर उन्हें अपने सपने को पूरा करने के लिए एक साल का इंतजार करना पड़ा क्योंकि उस वक्त कोरोना महामारी था. फिर क्या जब उनकी उम्र 81 साल की हुई तो दोनों साथ में दुनिया देखने निकल पड़ीं। उन्होंने सबसे पहले इस साल जनवरी में अंटार्कटिका के लिए उड़ान भरी।

इसके लिए उन्होंने एक ट्रैवल एजेंट की मदद ली, जिसने उनकी यात्राओं को एक्साइटिंग बना दिया। इससे पहले भी वे साथ में कई बार यात्राएं कर चुकी थीं मगर इस बार का एहसास कुछ अलग था। 81 साल की उम्र में भी उन्हें काफी उर्जा महसूस हो रही थी। उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा है कि 82 साल की उम्र में आराम से ज्यादा बेहतर अनुभव लेना है।

भारत के लोगों से मिलने का था सपना

उन दोनों ने भारत के बारे में बहुत कुछ सुना था। उन्होंने सुना था कि भारत के लोग बड़े प्यारे होते हैं। भारत के लोगों से मिलने के लिए एक्साइटेड थीं। इसलिए वे सबसे पहले दिल्ली पहुंची। जहां उन्होंने कुतुब मीनार, इंडिया गेट और जामा मस्जिद देखी। इसके बाद वे झीलों के शहर उदयपुर गए, जिसे ” द वेनिस ऑफ ईस्ट ” भी कहा जाता है। वहां वे एक 180 साल पुरानी हवेली में रुके थे जिसे अब होटल में बदल दिया गया है।

उन्होंने रणकपुर जैन मंदिर और भरतपुर का भी दौरा किया। आखिर में उन्होंने आगरा में ताजमहल देखा। इस तरह भारत दौरे के समय उन्होंने 50 दिनों का आंकड़ा पार कर लिया। उन्होंने Today.com को बताया कि वे यह उम्मीद करती हैं कि इससे आने वाली पीढ़ी को प्रेरण मिलेगी। युवा समझ सकेंगे कि दुनिया को कुछ कर दिखाने के लिए आप कभी भी बूढ़े नहीं होते हैं।

दोनों सेहलियां 18 देशों की कर चुकी हैं यात्रा

सोशल मीडिया पर सामने आई एक तस्वीर में दोनों बेस्ट फ्रेंड्स को आगरा के ताजमहल में देखा जा सकता है. इसके साथ ही उन्हें पुरानी दिल्ली में रिक्शा की सवारी के मजे लेते देखा गया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों दोस्तों ने मिलकर सभी 7 महाद्वीपों में 18 देशों को एक्सप्लोर किया है. अब तक वे जाम्बिया, नेपाल, भारत, बाली, मिस्त्र, लंदन और जांजीबार का दौरा कर चुकी हैं.

इन दोनों सहेलियों ने सच में साबित कर दिया है कि हम कुछ करने की ठान ले तो उसे पूरा जरूर कर सकते हैं। आप कभी बूढ़े और कमजोर नहीं होते हैं। इनकी कहानी से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।