Quetta Bomb Blast Today, Latest News, Pakistan election 2018: पाकिस्तान की 10 करोड़ जनता देश का नया प्रधानमंत्री चुनने के लिए मतदान कर रही है। इस दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से व्यापक हिंसा की खबरें आई हैं। अशांत बलूचिस्तान प्रांत में हमलावरों ने एक पुलिस वैन को निशाना बनाकर बम धमाका किया। आत्मघाती हमले में 28 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह हमला क्वेटा के भोसा मंडी इलाके में हुआ। हमले के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को तत्काल सिविल हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई गई है।

द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की खबर के मुताबिक, ये हमला डीआईजी अब्दुल रज्जाक चीमा के काफिले को निशाना बनाने के लिए किया गया था। वह इस हमले में बाल-बाल बच गए हैं। मरने वाले 28 लोगों में 5 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। पुलिस ने दावा किया है कि ये एक आत्मघाती हमला था। धमाके के बाद पुलिसकर्मियों ने मौके से हमलावर के शरीर के अवशेष भी बरामद किए हैं। इस हमले में दो नाबालिगों के घायल होने की सूचना भी मिली है। ये धमाका PB-31 विधानसभा क्षेत्र और NA-266 संसदीय क्षेत्र में हुआ है। फिलहाल स्थिति पुलिस के नियंत्रण में बनी हुई है।

वैसे बता दें कि पाकिस्तान में संसदीय चुनावों के लिए वोटिंग सुबह 8 बजे शुरू की गई थी। ये वोटिंग निर्बाध रूप से शाम 6 बजे तक चलेगी। देश भर में लोगों के वोट देने के लिए 85,307 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। जिसमें से 17,007 को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। पूरे देश की संसदीय और राज्यों की विधानसभा की सीटों को​ मिलाकर कुल 849 सीटों के मतदान होना है। इन चुनावों में कुल 12,570 उम्मीदवार खड़े हुए हैं।