Sunita Williams Return: नौ महीने के लंबे अंतरिक्ष प्रवास के बाद, नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स (Sunita Williams) और बुच विल्मोर (Butch Wilmore) समेत दो अन्य अंतरिक्ष वैज्ञानिक निक हेग (Nick Hague) और अलेक्सांद्र गोरबुनोव (Aleksandr Gorbunov) सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर लौट आए हैं। स्पेसएक्स क्रू 9 ड्रैगन कैप्सूल ने भारतीय समयानुसार 19 मार्च की सुबह 3:27 बजे फ्लोरिडा के तट के पास सफल स्पलैशडाउन किया। नासा के अधिकारियों ने इस ऐतिहासिक मिशन की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए बताया कि हालांकि यह मिशन आठ दिनों के लिए निर्धारित था, लेकिन तकनीकी समस्याओं के चलते अंतरिक्ष यात्रियों को नौ महीने तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर रहना पड़ा।

मिशन की सफलता पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में, नासा ने इस लंबे प्रवास के दौरान आई चुनौतियों और स्पेसएक्स के योगदान पर प्रकाश डाला और उनको धन्यवाद कहा। नासा अधिकारियों के अनुसार, ड्रैगन क्रू कैप्सूल की विश्वसनीयता और टीम के समर्पण ने इस मिशन को सफल बनाया। सुनीता विलियम्स ने सुरक्षित वापसी के बाद हाथ हिलाकर खुशी जाहिर की और मिशन के दौरान अपने अनुभव साझा किए। नासा ने यह भी बताया कि इस मिशन से मिले अनुभवों का उपयोग भविष्य में अंतरिक्ष यात्राओं को और सुरक्षित और प्रभावी बनाने में किया जाएगा।

स्पेसएक्स का यह क्रू मिशन 15 मार्च को लॉन्च किया गया था, जिसमें कुछ तकनीकी चुनौतियों के कारण देरी हुई। हालांकि, 17 घंटे की यात्रा के बाद अंतरिक्ष यात्री सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौट आए। इस मिशन की सफलता के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क को विशेष रूप से जिम्मेदारी सौंपी थी। सुनीता विलियम्स और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी से जुड़ी हर अपडेट के लिए जनसत्ता के लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें।

Live Updates
15:19 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: मल्लिकार्जुन खड़गे ने सुनीता विलियम्स को बधाई दी

कांग्रेस ने बुधवार को नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स के अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के एक लम्बे मिशन के बाद पृथ्वी पर लौटने का स्वागत किया और कहा कि उनकी उल्लेखनीय दृढ़ता विश्व भर के अंतरिक्ष प्रेमियों के लिए एक गहन प्रेरणा का स्रोत है। एक्स पर एक पोस्ट में खड़गे ने कहा कि पृथ्वी पर वापस आने पर आपका स्वागत है, सुनीता विलियम्स! भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से, मैं नासा के अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर के साथ आपकी सुरक्षित और सफल वापसी पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।" उन्होंने कहा, "आपके विस्तारित मिशन के सुरक्षित समापन से भारत के 1.4 बिलियन नागरिकों को राहत और खुशी का एहसास हुआ है, जिन्हें आपकी उपलब्धियों पर बेहद गर्व है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आपकी उल्लेखनीय दृढ़ता और उत्कृष्ट प्रतिबद्धता दुनिया भर के अंतरिक्ष प्रेमियों के लिए एक गहन प्रेरणा है और यह मानवीय उपलब्धियों का प्रमाण है।

14:08 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: आंध्र के सीएम ने सुरक्षित वापसी के बाद सुनीता विलियम्स की दृढ़ता की सराहना की

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को भारतीय मूल की नासा अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स की दृढ़ता की सराहना की तथा एक अंतरिक्ष मिशन के बाद पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी पर उन्हें बधाई दी। नासा के अंतरिक्ष यात्री निक हेग, सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर, रोस्कोस्मोस के अंतरिक्ष यात्री अलेक्सांद्र गोरबुनोव के साथ मंगलवार को पृथ्वी पर लौट आए। नायडू ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बैरी विल्मोर को सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर लौटते देखकर खुशी हुई। उनकी वापसी की यात्रा अनुकरणीय मानवीय दृढ़ संकल्प और टीम वर्क को दर्शाती है।"

14:07 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: सुनीता विलियम्स को सुरक्षित वापस लैंड करते देख बहुत राहत मिली- आनंद महिंद्रा

Sunita Williams Return LIVE: उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने बुधवार को कहा कि सुनीता विलियम्स को सुरक्षित रूप से धरती पर वापस आते देखना एक "बहुत बड़ी राहत" थी, उन्होंने दो साल पहले वाशिंगटन में अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री के साथ एक मुलाकात को याद किया। महिंद्रा ने एक्स पर लिखा, "जब स्पेसएक्स बचाव मिशन लॉन्च किया गया था, तो मुझे लगभग दो साल पहले वाशिंगटन में @Astro_Suni के साथ हुई इस अचानक मुलाकात की याद आई।" उन्होंने कहा कि कुछ घंटे पहले उन्हें और उनके सहयोगियों को सफलतापूर्वक पृथ्वी पर वापस आते देखना बहुत राहत की बात थी। महिंद्रा ने लिखा, "वह साहस की प्रतिमूर्ति हैं और उनका हमारे बीच वापस आना अच्छी बात है... स्वागतम, सुनीता..." महिंद्रा समूह के चेयरमैन ने 25 जून, 2023 के अपने पहले के पोस्ट को विलियम्स के साथ अपनी, मुकेश अंबानी और वृंदा कपूर की तस्वीर के साथ टैग भी किया।

14:06 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: राष्ट्रपति मुर्मू ने सुनीता विलियम्स को बधाई दी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को "भारत की बेटी" सुनीता विलियम्स और उनके साथी अंतरिक्ष यात्रियों की पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी के लिए पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि उन्होंने अपनी दृढ़ता, समर्पण और कभी हार न मानने की भावना से सभी को प्रेरित किया है। मुर्मू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "उनकी ऐतिहासिक यात्रा दृढ़ संकल्प, टीम वर्क और असाधारण साहस की कहानी है। मैं उनके अटूट संकल्प को सलाम करता हूं और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं!" मुर्मू ने कहा, "नासा के क्रू 9 मिशन की धरती पर सुरक्षित वापसी के पीछे पूरी टीम को बधाई! भारत की बेटी सुनीता विलियम्स और उनके साथी अंतरिक्ष यात्रियों ने अपनी दृढ़ता, समर्पण और कभी हार न मानने की भावना से सभी को प्रेरित किया है।"

12:32 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: इसरो अध्यक्ष नारायणन ने सुनीता विलियम्स को बधाई दी, कहा-भारत उनकी विशेषज्ञता का उपयोग करना चाहता है

इसरो अध्यक्ष नारायणन ने सुनीता विलियम्स को बधाई दी है। उन्होंने कहा भारत उनकी विशेषज्ञता का उपयोग करना चाहता है। इसरो के अध्यक्ष वी नारायणन ने बुधवार को कहा कि अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स की सुरक्षित वापसी एक उल्लेखनीय उपलब्धि है और यह नासा, स्पेसएक्स और अमेरिका की अंतरिक्ष अन्वेषण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अंतरिक्ष अन्वेषण में उनकी विशेषज्ञता का उपयोग करना चाहेगा।

11:38 (IST) 19 Mar 2025
LIVE News: 'धरती पर आपका स्वागत है', पीएम मोदी बोले- सुनीता विलियम्स का अटूट दृढ़ संकल्प लाखों लोगों को प्रेरित करेगा

अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स की धरती पर वापसी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वागत किया है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “आपका स्वागत है Crew9! धरती ने आपको याद किया। यह उनके धैर्य, साहस और असीम मानवीय भावना की परीक्षा रही है। सुनीता विलियम्स और crew9 अंतरिक्ष यात्रियों ने एक बार फिर हमें दिखाया है कि दृढ़ता का वास्तव में क्या मतलब है। विशाल अज्ञात के सामने उनका अटूट दृढ़ संकल्प हमेशा लाखों लोगों को प्रेरित करेगा। स्पेस एक्सप्लोर करने का मतलब है मानवीय क्षमता की सीमाओं को आगे बढ़ाना, सपने देखने का साहस करना और उन सपनों को हकीकत में बदलने का साहस रखना। सुनीता विलियम्स, एक पथप्रदर्शक और एक आइकन, ने अपने पूरे करियर में इस भावना का उदाहरण दिया है। हमें उन सभी पर बहुत गर्व है जिन्होंने उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए अथक परिश्रम किया। उन्होंने दिखाया है कि जब सटीकता जुनून से मिलती है और तकनीक दृढ़ता से मिलती है तो क्या होता है।”

10:53 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: सुनीता विलियम्स की वापसी पर बोले KTR-यह स्‍पेस सेक्‍टर में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग का प्रमाण

भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामाराव ने बुधवार की सुबह सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर सहित नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) के अंतरिक्ष यात्रियों को पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी पर बधाई दी। नासा के स्पेस क्रू-9 मिशन के बारे में प्रशंसा व्यक्त करते हुए, के टी आर ने कहा कि यह अंतरिक्ष अन्वेषण में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग का प्रमाण है। के टी आर ने एक्स पर पोस्ट किया, 'नासा के अंतरिक्ष यात्रियों बुच विल्मोर, सुनीता विलियम्स, निक हेग और रूसी अंतरिक्ष यात्री अलेक्जेंडर गोर्बुनोव को सुरक्षित वापसी पर बधाई! एक उल्लेखनीय मिशन और अंतरिक्ष अन्वेषण में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग का प्रमाण। घर में स्वागत है।'

10:10 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: 'वादा किया और वादा निभाया...'; सुनीता विलियम्स की वापसी पर व्हाइट हाउस का बयान आया सामने; ट्रंप ने VIDEO किया शेयर

व्हाइट हाउस ने 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, ''वादा किया गया, वादा निभाया गया: राष्ट्रपति ट्रंप ने नौ महीने से अंतरिक्ष में फंसे अंतरिक्ष यात्रियों को बचाने का वचन दिया। आज वे सुरक्षित ढंग से अमेरिका की खाड़ी में उतर गए।" साथ ही व्हाइट हाउस ने अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षित लैंडिंग के लिए एलन मस्क, स्पेसएक्स और नासा को धन्यवाद कहा।

09:00 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: सुनीता विलियम्स की सुरक्षित वापसी पर राजनाथ ने जताई खुशी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, "नासा के क्रू9 की पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी से प्रसन्न हूं! भारत की बेटी सुनीता विलियम्स और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों वाले चालक दल ने अंतरिक्ष में मानव धीरज और दृढ़ता के इतिहास को फिर से लिखा है..."

08:52 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: 45 दिनों के पुनर्वास से गुजरेंगी सुनीता और विल्मोर

सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को अंतरिक्ष यात्री शक्ति, कंडीशनिंग और पुनर्वास (एएससीआर) विशेषज्ञों की देखरेख में 45 दिनों के पुनर्वास से गुजरना होगा। इस पुनर्वास कार्यक्रम के पहले कुछ चरणों में चलने-फिरने, लचीलेपन, मांसपेशियों को मजबूत बनाने, व्यायाम और हृदय संबंधी कंडीशनिंग पर ध्यान दिया जाएगा।

08:11 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: जब वह लौटीं, तो हम खुशी से उछल पड़े- सुनीता विलियम्स चचेरे भाई दिनेश रावल

9 महीने तक अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर फंसी रहने के बाद सुनीता विलियम्स के पृथ्वी पर वापस लौटने पर उनके चचेरे भाई दिनेश रावल ने कहा कि जब वह लौटीं, तो हम खुशी से उछल पड़े... मैं बहुत खुश था... कल तक, मेरे दिल में एक बेचैनी सी भावना थी... भगवान ने हमारी प्रार्थना सुनी और हमारी सुनी को सुरक्षित वापस ले आए... सुनीता कोई साधारण व्यक्ति नहीं हैं... वह दुनिया बदल देंगी..."

06:56 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: सुनीता विलियम्स ने नौ महीनों में पहली बार पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण को महसूस किया

नासा के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर मंगलवार को फ्लोरिडा पैनहैंडल के पास मैक्सिको की खाड़ी में उतरकर पृथ्वी पर वापस लौटे। इस दौरान उन्हें पहली बार गुरुत्वाकर्षण का अहसास हुआ।

06:29 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: नासा ने मिशन की सफलता पर जताई राहत

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर तय समय से ज्यादा रुकने के बाद अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षित वापसी पर नासा ने कहा- भविष्य के अभियानों के लिए बड़ी सीख मिली।

06:18 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: सुनीता विलियम्स की सुरक्षित वापसी पर नासा की खुशी

नौ महीने बाद अंतरिक्ष से लौटे सुनीता विलियम्स समेत चार अंतरिक्ष यात्री, नासा ने मिशन की चुनौतियों और स्पेसएक्स की भूमिका पर प्रकाश डाला।

05:48 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: नासा ने कहा- चुनौतियों से भरा रहा मिशन

सुनीता विलियम्स की सफल वापसी पर नासा ने स्पेसएक्स को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह मिशन कई चुनौतियों से भरा था, लेकिन अंततः पूरी तरह सफल रहा। सभी अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित और स्वस्थ हैं।

05:38 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह बोले, 'गौरव, गर्व और राहत का पल'

सुनीता विलियम्स समेत सभी अंतरिक्ष यात्रियों की सफल वापसी पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, 'गौरव, गर्व और राहत का पल! पूरा विश्व भारत की इस बेटी की सुरक्षित वापसी का जश्न मनाने के लिए एक साथ आया है, जो अंतरिक्ष में अनिश्चितताओं को सहन करने के साहस, दृढ़ विश्वास और स्थिरता के लिए इतिहास में दर्ज हो गई है।'

05:06 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: स्पेसएक्स कैप्सूल से बाहर आने के बाद सुनीता विलियम्स मुस्कुराईं और हाथ हिलाया

नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने फ्लोरिडा तट पर सफल स्पलैशडाउन के बाद स्पेसएक्स क्रू 9 ड्रैगन कैप्सूल से बाहर निकाले जाने के बाद हाथ हिलाया और मुस्कुराईं।

04:32 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: सुनीता विलियम्स, बुच विल्मोर पृथ्वी पर सफल लैंडिंग के बाद ड्रैगन अंतरिक्ष यान से बाहर निकले

नासा के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर तथा अन्य दो कमांडर निक हेग और अलेक्सांद्र गोरबुनोव फ्लोरिडा के तट पर सफल स्प्लैशडाउन के बाद स्पेसएक्स क्रू 9 ड्रैगन अंतरिक्ष यान से बाहर निकल गए हैं।

04:12 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: सुनीता विलियम्स और सभी अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के पास पहुंचे रिकवरी वैज्ञानिक

सुनीता विलियम्स और सभी अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के पास रिकवरी वैज्ञानिक पहुंचे और उनकी तस्वीरें लीं। इस दौरान सुनीता विलियम्स ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

04:02 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: कैप्सूल को पानी से बाहर लाया गया

सुनीता विलियम्स समेत सभी चार अंतरिक्ष यात्रियों की समंदर में सुरक्षा जांच के बाद उनके कैप्सूल को पानी से बाहर जहाज पर बने हेलिपैड पर लाया गया।

03:54 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: ड्रैगन कैप्सूल को समंदर से रिकवरी जहाज पर लोड करने की प्रक्रिया जारी

सुनीता विलियम्स नौ महीने बाद सफलतापूर्वक धरती पर लौट आई हैं। फ्लोरिडा के तट पर स्पेसएक्स क्रू ड्रैगन की लैंडिंग के बाद सभी सुरक्षा जांच पूरी कर ली गई हैं। अब ड्रैगन कैप्सूल को समंदर से उठाकर रिकवरी जहाज पर लोड करने की प्रक्रिया जारी है।

03:26 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: सभी चारों पैराशूट खुल गए हैं

सभी चारों पैराशूट खुल गए हैं। सुनीता विलियम्स कुछ ही मिनट में धरती पर पहुंच जाएंगी।

03:24 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: धरती के बेहद करीब पहुंचा सुनीता विलियम्स का क्रू-9 ड्रैगन

धरती के बेहद करीब पहुंचा सुनीता विलियम्स का क्रू-9 ड्रैगन। अमेरिका के फ्लोरिडा में समुद्र की सतह पर धरती पर स्पेसक्राफ्ट उतरने ही वाला है।

03:07 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष यान ने सफलतापूर्वक डीऑर्बिट पूरा किया, कुछ मिनट में होगी लैंडिंग

नासा अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर के स्पेसएक्स के क्रू 9 ड्रैगन अंतरिक्ष यान ने सफलतापूर्वक डीऑर्बिट बर्न पूरा कर लिया है और इसका नोजकॉन बंद हो गया है। स्पेसएक्स ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि स्प्लैश डाउन अगले 30 मिनट में होगा।

03:04 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: सुनीता विलियम्स के स्पेसक्राफ्ट का डीऑर्बिट बर्न हो चुका है

सुनीता विलियम्स के स्पेसक्राफ्ट का डीऑर्बिट बर्न हो गया है। यह आठ मिनट का थ्रस्टर फायर @स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट को अब से कुछ ही देर बाद बाद फ्लोरिडा के तट पर अपने अंतिम स्पलैशडाउन साइट पर एक सटीक प्रक्षेप पथ पर रखेगा।

02:49 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: धरती से 99 किमी की दूरी पर सुनीता विलियम्स का कैप्सूल

सुनीता विलियम्स का कैप्सूल धरती के गुरुत्वाकर्षण क्षेत्र में प्रवेश कर गया है। वह केवल 99 किमी की दूरी पर है। काउंटडाउन शुरू हो गया है।

02:23 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: ISS पर 9 महीने: सुनीता-बुच ने कैसे संभाला हर दिन?

नौ महीने पहले अंतरिक्ष में गए दोनों वैज्ञानिक वहां निष्क्रिय बैठने के बजाय अनुसंधान और रखरखाव में जुटे रहे। जनवरी 2025 में उन्होंने साथ मिलकर स्पेसवॉक भी पूरा किया।

02:17 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: सुनीता विलियम्स का जन्म ओहायो में हुआ था, पिता गुजरात के थे

सुनीता विलियम्स का जन्म 19 सितंबर 1965 को अमेरिका के ओहायो के यूक्लिड में हुआ था, लेकिन उनका भारतीय जड़ें गुजरात से जुड़ी हैं। उनके पिता दीपक पांड्या मूल रूप से मेहसाणा जिले के झूलासन गांव के रहने वाले थे, जो बाद में अमेरिका में न्यूरोएनाटॉमी के क्षेत्र में काम करने लगे। सुनीता ने माइकल विलियम्स से शादी की, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं है।

02:04 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: धरती पर उतरने पर सुनीता को लैब में ले जाया जाएगा

भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स गुरुवार को जब पृथ्वी पर लौटेंगी, तो सबसे पहले उन्हें स्ट्रेचर पर नासा के फ्लोरिडा स्टेशन के पास स्थित लैब में ले जाया जाएगा। वहां उनकी और उनके साथी अंतरिक्ष यात्रियों की विस्तृत मेडिकल जांच होगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि माइक्रोग्रैविटी में बिताए गए समय का उनके शरीर पर क्या प्रभाव पड़ा है।

00:25 (IST) 19 Mar 2025
Sunita Williams Return LIVE: सुनीता विलियम्स की धरती पर वापसी के साथ ही कल्पना चावला को किया जा रहा याद

सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर जब क्रू ड्रैगन कैप्सूल के जरिए पृथ्वी पर लौट रहे हैं, तो बहुत लोगों को पूर्व भारतीय अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला की याद आ रही है। यह बहुत ही स्वाभाविक बात है। दो दिन पहले ही कल्पना चावला का जन्मदिन था।