चीन ने पूर्वी लद्दाख के LAC (लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल) पर चल रहे विवाद के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया है। चीन के रक्षा मंत्री का आरोप है कि भारतीय सैनिकों की चीनी सीमा में घुसपैठ की वजह से बॉर्डर पर तनाव की शुरूआत हुई थी। चीन के रक्षा मंत्री जनरल वेई फेंग ने भारत पर ये तमाम आरोप शंगरी-ला-डायलॉग (Shangri-La Dialogue) के दौरान लगाए। हालांकि इस दौरान उन्होंने भारत -चीन संबंध को लेकर कुछ सकारात्मक बातें भी कहीं।
‘एलएसी पर भारतीय हथियारों का जमावड़ा’
10 जून को सिंगापुर में 19वें शांगरी-ला डायलॉग की शुरुआत हुई थी। 12 जून को इसका समापन हुआ। इस वार्षिक सम्मेलन में इंडो-पैसेफिक क्षेत्र के करीब 40 देशों के राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री, सैन्य कमांडर और स्कॉलर्स ने हिस्सा लिया। भारत की तरफ से नौसेना की पूर्वी कमान के कमांडिंग इन चीफ, वाइस एडमिरल बिश्वजीत दासगुप्ता ने हिस्सा लिया।
आज चीन के रक्षा मंत्री जनरल वेई फेंग ने सम्मेलन को संबोधित किया। संबोधन के बाद उनसे गलवान संघर्ष को लेकर सवाल पूछे गए, जिसके जवाब में उन्होंने कहा, ”चीन और भारत पड़ोसी हैं। अच्छे संबंध बनाए रखना दोनों देशों के हित में है। लेकिन सीमावर्ती क्षेत्रों में संघर्ष पर मुद्दे स्पष्ट हैं।” भारत पर आरोप लगाते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, ”भारत ने LAC पर बड़ी संख्या में हथियारों का जमावड़ा किया था और भारतीय सैनिक चीन की सीमा में दाखिल हुए थे। मैंने रक्षा मंत्री के रूप इस टकराव की शुरूआत को देखा है।”
सीमा पर शांति कायम करने के लिए हो रही कोशिशों का जिक्र करते हुए जनरल वेई फेंग ने कहा, ”दोनों देशों के बीच कोर कमांडर स्तर की 15 दौर की वार्ता हो चुकी है। दोनों पक्ष इस क्षेत्र में शांति के लिए काम कर रहे हैं।”
पिछले दिनों शांगरी-ला डायलॉग में ही अमेरिका ने भारतीय सीमा पर चीन के बढ़ते दखल की तरफ इशारा किया था। अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड जेम्स ऑस्टिन ने चिंता जताते हुए कहा था, ”चीन भारत के साथ सीमा पर अपनी स्थिति को मजबूत कर रहा है।” भारत को मदद का भरोसा देते हुए ऑस्टिन ने कहा, अमेरिका अपने दोस्तों के साथ खड़ा है।
क्या है LAC
भारत और चीन के बीच की वास्तविक सीमा रेखा यानी बॉर्डर को LAC (लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल) कहा जाता है। यह बॉर्डर 4,057 किलोमीटर लम्बा है, जो लद्दाख, कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश से होकर गुजरता है। LAC मुख्य रूप से चीन अधिकृत कश्मीर यानी अक्साई चीन और भारत को अलग करता है।