ईरान के दक्षिण-पूर्व इलाके में शनिवार को सीमा पर अज्ञात बंदूकधारियों ने नौ पाकिस्तानी नागरिकों की हत्या कर दी। हमले में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं। मीडिया सूत्रों के मुताबिक गोलीबारी ईरान के सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत में सारावन शहर के पास एक घर में हुई। हालांकि अभी तक किसी भी आधिकारिक मीडिया ने गोलीबारी की सूचना नहीं दी है और किसी भी समूह ने इसकी जिम्मेदारी भी नहीं ली है। हालांकि ईरान में पाकिस्तान के राजदूत ने घटना की पुष्टि करते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। इस बीच बलोच लोगों की तरफ से ‘हलवाश’ ग्रुप ने पीड़ितों की ऑनलाइन तस्वीरें साझा की हैं।

ग्रुप ने कहा कि हमले में चाल लोग घायल हो गए। सभी को पाकिस्तानी नागरिक बताया है। उनकी पहचान वाहनों का रखरखाव करने वाली एक दुकान के कर्मचारी के रूप में की है। पिछले हफ्ते पाकिस्तान ने कथित तौर पर आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाते हुए उसी क्षेत्र में जवाबी हमले किए थे, जिसमें कम से कम नौ लोग मारे गए थे। ये हमले मंगलवार को पाकिस्तानी धरती पर ईरान के हमले के बाद हुए, जिसमें दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में दो बच्चों की मौत हो गई थी।