बारिश के कारण आयी बाढ़ और भूस्खलन के कारण नेपाल में मरने वालों की संख्या बढ़कर 91 हो गयी है जबकि 38 लोग अभी भी लापता हैं। प्राकृतिक आपदा के कारण 60 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। नेपाल के गृह मंत्रालय के हवाले से माय रिपब्लिका ने खबर दी कि आपदा में 2,847 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
खबर के मुताबिक गृह मंत्रालय के प्रवक्ता राम कृष्ण सुबेदी ने कहा, ‘‘ नुकसान का आकलन करने के लिए गृह मंत्री जर्नादन शर्मा के समन्वय में एक समिति का गठन किया गया । मुख्य सचिव और 12 मंत्रालयों के सचिव समिति के सदस्य हैं।’’ गृह मंत्रालय ने बताया कि कल शाम तक मृतकों की संख्या बढ़कर 91 हो गयी। बाढ़, भूस्खलन और सैलाब के कारण भारी संख्या में लोगों के विस्थापित होने के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
बयान में कहा गया कि सरकार ने बचाव और राहत कार्य तेज कर दिया है। साथ ही साथ बाढ़ और डूब के कारण लापता हुए लोगों की खोज की जा रही है। आपदा बचाव और राहत कार्यों के लिए 26,700 से अधिक सुरक्षार्किमयों को तैनात किया गया है। खोजबीन, बचाव और राहत अभियानों में नेपाल सेना के सात हेलीकॉप्टरों समेत कुल 13 हेलीकॉप्टर, मोटरबोट, रबड़ नौका और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सुबेदी ने बताया कि प्रभावित जिलों में खाना पकाने के बर्तन, सूखी खाद्य सामग्री, नमक, खाना बनाने का तेल और अन्य राहत सामग्रियों का वितरण किया जा रहा है।