Cities with Max Millionaires: दुनिया में करोड़पतियों (Millionaires) की संख्या में साल दर साल इजाफा हो रहा है। भारत में भी धनकुबेरों की लिस्‍ट लंबी होती जा रही है। लेकिन, क्‍या आप जानते हैं कि दुनिया के सबसे ज्यादा करोड़पति किन शहरों में बसते हैं। दुनिया के सबसे अधिक करोड़पति वाले टॉप 10 शहरों में से आधे अमेरिका में हैं।

रेजीडेंसी एडवाइजरी फर्म हेनले एंड पार्टनर्स ग्रुप की एक रिपोर्ट के अनुसार, न्यूयॉर्क, टोक्यो और सैन फ्रांसिस्को खाड़ी क्षेत्र ऐसे स्थान हैं जहां सबसे अधिक करोड़पति रहते हैं। सबसे अधिक करोड़पति वाले शीर्ष 10 शहरों में से आधे संयुक्त राज्य अमेरिका में हैं। फिर भी, आंकड़ों पर करीब से नज़र डालने पर पता चलता है कि न्यूयॉर्क शहर में 2022 की पहली छमाही में करोड़पतियों की संख्या में 12 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि सैन फ्रांसिस्को खाड़ी क्षेत्र में 4% की वृद्धि देखी गई।

इस लिस्ट में चौथे स्थान पर काबिज लंदन में करोड़पतियों की संख्या में 9% की गिरावट देखी गई। रिपोर्ट के मुताबिक, करोड़पति वह हैं, जिनके पास एक मिलियन डॉलर या उससे ज्यादा की निवेश योग्य निजी संपत्ति है। इंटेलिजेंस फर्म न्यू वर्ल्ड वेल्थ द्वारा एकत्र किए गए आंकड़े बताते हैं कि सऊदी अरब की राजधानी रियाद और संयुक्त अरब अमीरात के तीसरे सबसे अधिक आबादी वाले शहर शारजाह में इस साल करोड़पतियों की आबादी में तेजी से बढ़ोत्तरी देखी गयी है।

अबू धाबी और दुबई भी तेजी से बढ़ती करोड़पति आबादी वाले शहरों में से हैं। इसका कारण यूएई की लो-टैक्स पॉलिसी और नई निवास योजनाएं हैं जो करोड़पतियों को लुभाती हैं। संपन्न रूसियों के इमिग्रेशन के चलते भी यूएई में करोड़पतियों की संख्या बढ़ी है। बीजिंग और शंघाई, जो क्रमशः सबसे धनी शहरों की सूची में नौवें और दसवें स्थान पर हैं, इन शहरों में भी अरबपतियों की संख्या में कमी दर्ज की गयी है। हेनले एंड पार्टनर्स का अनुमान है कि चीन इस साल रूस के बाद दूसरा सबसे बड़ा मनी आउटफ्लो देखेगा।

भारत की बात की जाए तो हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2022 के अनुसार, मुंबई में देश के सबसे ज्यादा अरबपति लोग रहते हैं। राजधानी दिल्ली अरबपतियों के मामले में दूसरे स्थान पर हैं।