अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने कहा कि भारत के रूस के साथ संबंध, अमेरिका और रूस के बीच संबंधों से अलग है और इसमें परेशानी की कोई बात नहीं है। इमरान खान के मॉस्को दौरे और पुतिन से उनकी मुलाकात पर अमेरिका का कहना है कि हम अपने साझेदार पाकिस्तान पर छोड़ेंगे कि वह इस पर क्या रुख अपनाता है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि भारत के साथ अमेरिका के अहम हित और मूल्य जुड़े हुए हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारत के साथ हमारे हित जुड़े हुए हैं। हम भारत के साथ अहम मूल्य साझा करते हैं और हम जानते हैं कि भारत के रूस के साथ संबंध उन संबंधों से अलग हैं जो हमारे और रूस के बीच हैं। इसमें कोई परेशानी की बात नहीं है।
उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि भारत के रूस के साथ मजबूत रिश्ते हैं, जो हमारे यकीनन नहीं हैं। भारत और रूस के बीच रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में संबंध हैं, जो हमारे बीच नहीं है। अमेरिका ने कहा कि उसने रूस से नजकीदी रखने वाले देशों से अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने को कहा है।
पाकिस्तान के सवाल पर प्राइस ने कहा कि अमेरिका ने इमरान खान को अपनी स्थिति से अवगत कराते हुए बताया है कि रूस के आक्रमण के क्या खतरे हैं और यूक्रेन में मौजूदा आक्रमण के क्या मायने है। उनका कहना था कि भारत की तरह पाकिस्तान को जानना चाहिए कि इस पर हमारा रुख क्या है?
ध्यान रहे कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन के खिलाफ विशेष सैन्य अभियान की घोषणा की थी। उसके बाद रूस ने मध्य और पूर्वी यूक्रेन के कई इलाकों पर हमले किए। रूस के इस कदम की अमेरिका सहित कई देशों ने निंदा की है। लेकिन पुतिन पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।