पढ़ाई के लिए अमेरिका जाने वाले छात्रों पर वहां की सरकार खास तौर पर ध्यान दे रही है। भारत में अमेरिकी दूतावास से जारी आंकड़ों के मुताबिक 1,25,000 से अधिक छात्र वीजा जारी किए गये हैं। यह एक रिकॉर्ड है। 2022 में भारतीयों को दुनिया भर में सबसे अधिक 65 फीसदी एचएंडएल रोजगार वीजा (H&L employment visas) और 17.5 फीसदी एफ1 (F1 Student Visas) जारी किए गए।

पिछले साल भारत से 1.2 मिलियन से अधिक लोगों ने अमेरिका का दौरा किया। इसकी वजह से अमेरिका में आने वाले अंतरराष्ट्रीय लोगों में सबसे अधिक भारतीयों की संख्या है। अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने बुधवार को कहा कि 2022 में हर पांच में से एक अमेरिकी छात्र वीजा भारतीयों के लिए जारी किया गया था, जो दुनिया में भारत की आबादी के अनुपात से अधिक है।

अमेरिकी मिशन ने देश भर में सातवां वार्षिक छात्र वीजा दिवस आयोजित किया

भारत में अमेरिकी मिशन ने बुधवार को देश भर में अपना सातवां वार्षिक छात्र वीजा दिवस आयोजित किया, जिसमें नई दिल्ली, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और मुंबई के कांसुलर अधिकारियों ने लगभग 3,500 भारतीय छात्र वीजा आवेदकों के इंटरव्यू लिये।

गार्सेटी ने कहा, “दुनिया के किसी भी देश की तुलना अमेरिका आने वाले लोगों में भारतीयों की संख्या अधिक है। 2022 में जारी किए गये प्रत्येक पांच में से एक छात्र वीजा भारत का है। यह दुनिया में भारतीय आबादी के अनुपात की तुलना में काफी अधिक है। भारतीयों ने न केवल अमेरिका में शिक्षा हासिल की है बल्कि दशकों से उत्कृष्टता दिखाई है। हम अपने इतिहास में छात्रों के लिए वीजा आवेदनों की सबसे बड़ी संख्या को प्रोसेक करने में लगे हैं।”

राजदूत ने कहा कि वे इस साल छात्रों के लिए पहले से कहीं अधिक वीज़ा अपॉइंटमेंट उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा, “आने वाले हफ्तों में, हम जुलाई और अगस्त के लिए हजारों छात्र वीजा नियुक्तियां जारी करेंगे।” अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय छात्रों की कुल आबादी का 21 प्रतिशत से अधिक सिर्फ भारतीय छात्र हैं। 2021-22 लगभग दो लाख भारतीय छात्र अमेरिका में पढ़ रहे थे।