भारत के 69 वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दुनियाभर में आज भारतीय मिशनों में राजदूतों ने तिरंगा फहराया। आस्ट्रेलिया में सैकड़ों भारतीय स्वतंत्रता दिवस मनाने तथा ध्वजारोहण में शामिल होने के लिए मेलबर्न के ऐतिहासिक फेडरेशन स्क्वायर भवन में पहुंचे।
उच्चायुक्त नवदीप सूरी ने बॉलीवुड स्टार अनिल कपूर समेत कई गणमान्य व्यक्तियों एवं अन्य व्यक्तियों की उपस्थिति में तिरंगा फहराया। इस मौके पर सूरी ने कहा कि ऐतिहासिक फेडरेशन स्क्वायर पर झंडा फहराना आस्ट्रेलिया में रह रहे भारतीयों के लिए बड़े गर्व की बात है।
कपूर ने कहा, ‘फेडरेशन स्क्वायर पर भारतीय ध्वज फहराना हमारे लिए बहुत भावनात्मक पल है।’ बैंकाक में थाइलैंड में भारत के राजदूत हर्षवर्धन श्रीसंगला ने भारतीय मिशन में तिरंगा फहराया। इस मौके पर 750 भारतीय और भारतीय मूल के थाई नागरिक मौजूद थे। श्रंगला ने राष्ट्रपति का भाषण पढ़कर सुनाया और उसके बाद स्कूली बच्चों ने देशभक्ति के गाने गाए।
भारतीय राजदूतों ने आसियान देशों में तिरंगा फहराया। म्यांमार, सिंगापुर, मलेशिया, वियतनाम, फिलीपीन, लाओस, कंबोडिया और इंडोनेशिया में भारतीय मिशनों में स्वतंत्रता दिवस समारोह में बड़ी संख्या में भारतीय शरीक हुए।