अमेरिकी फाइटर जेट ने अलास्का हवाई क्षेत्र के ऊपर अधिक ऊंचाई पर उड़ रही एक संदिग्ध वस्तु को मार गिराया है। व्हाइट हाउस ने शुक्रवार (10 फरवरी) को पुष्टि की कि अमेरिका ने अलास्का के ऊपर उड़ रही एक संदिग्ध वस्तु को मार गिराया है।
अमेरिकी फाइटर जेट ने संदिग्ध वस्तु को मार गिराया
अमेरिकी अधिकारियों ने जानकारी दी कि एक अमेरिकी F-22 लड़ाकू जेट ने शुक्रवार को अलास्का के ऊपर उड़ रही एक अज्ञात वस्तु को मार गिराया। इससे एक हफ्ते पहले अमेरिकी सेना ने एक चीनी गुब्बारे को गिराया था जो अमेरिकी आसमान में उड़ रहा था। व्हाइट हाउस राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि अमेरिकी रक्षा विभाग पिछले 24 घंटे से अलास्का हवाई क्षेत्र के ऊपर एक उच्च ऊंचाई वाली संदिग्ध वस्तु पर नजर रख रहा था। अमेरिकी उत्तरी कमान को सौंपे गए लड़ाकू विमानों ने इस संदिग्ध वस्तु को आखिरकार मार गिराया है।
40 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रही थी संदिग्ध वस्तु
यूएस ब्रिगेडियर पैट्रिक राइडर ने कहा कि एक साइडविंडर मिसाइल ने एक छोटी कार के आकार की संदिग्ध वस्तु को मार गिराया। व्हाइट हाउस के मुख्य प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा, “हम नहीं जानते कि इस वस्तु का मालिक कौन है। राष्ट्रपति जो बाइडेन ने शूटडाउन का आदेश दिया, जिसकी घोषणा व्हाइट हाउस से की गई थी।” किर्बी ने कहा कि वस्तु 40,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था और नागरिक उड़ान की सुरक्षा के लिए यह एक खतरा था।”
संदिग्ध वस्तु की पहचान मुश्किल
पेंटागन और व्हाइट हाउस ने संदिग्ध वस्तु का विस्तृत विवरण देने से इनकार कर दिया। उन्होंने केवल यह बताया कि वह चीनी गुब्बारे से बहुत छोटी थी। अमेरिकी अधिकारियों ने यह अनुमान लगाने से इनकार कर दिया कि वस्तु क्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि देखने के बाद भी अनुभवी अमेरिकी पायलटों और खुफिया अधिकारियों द्वारा वस्तु की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पेंटागन ने कहा कि गुरुवार को पहली बार ग्राउंड राडार का उपयोग करते हुए इसका पता लगाया गया। इसके बाद F-35 विमानों को जांच के लिए भेजा गया। UFO लगभग 40,000 फीट उत्तर-पूर्वी दिशा में उड़ रहा था, जिससे नागरिक हवाई यातायात को खतरा था।
इससे पहले 4 फरवरी को एक यूएस एफ-22 फाइटर जेट ने संयुक्त राज्य अमेरिका और कनाडा के आसमान में उड़ रहे दक्षिण कैरोलिना के तट पर एक चीनी स्पाई बैलून को मार गिराया था। चीन ने इसे सिविल बैलून बताया था।