यूनाइटेड किंगडम (यूके) में शुक्रवार को भारत की तर्ज पर ही लोगों ने अपने घरों में रहते हुए डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को तालियां और थालियां बजाकर उन्हें सलामी दी। कोरोनावायरस के खिलाफ लड़ाई में जुटे स्वास्थ्यकर्मियों के लिए लोगों ने क्लैप फॉर केयरर्स कार्यक्रम के तहत तालियां बजाईं। इसमें ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और राजपरिवार के लोग भी शामिल हुए। हजारों की संख्या में लोग अपने घरों की छत और बाल्कनियों में आकर स्वास्थ्यकर्मियों के अभिवादन के लिए जुटे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले ही हफ्ते राष्ट्र के नाम संबोधन में एक दिन के जनता कर्फ्यू का ऐलान किया था। पीएम ने अपील की थी कि इस दिन सभी भारतवासी अपने घरों की छत या बाल्कनी पर आकर ताली या जो भी बर्तन उन्हें मिलें उसे बजाकर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का हौसला बढ़ाएं। इसके बाद लाखों की संख्या में लोगों ने तालियां-थालियां बजाकर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों का शुक्रिया अदा किया था। इससे पहले इटली और स्पेन में भी लोगों ने गंभीर हालात के बावजूद गाने गाकर और तालियां बजाकर डॉक्टरों का हौसला बढ़ाया था।
यूके में भी इसी तर्ज पर शुक्रवार को कार्यक्रम हुआ। ब्रिटिश एक्टर एमा वॉटसन ने भी इस इवेंट का एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया है। इसमें लोगों को अपने घरों से तालियों और थालियों का शोर करते सुना जा सकता है।
नेशनल हेल्थ सर्विस (एनएचएस) ने इस सम्मान के लिए सोशल मीडिया के जरिए लोगों का शुक्रिया जताया। यहां अब तक करीब 12,000 लोगों को संक्रमित पाया गया है। जबकि करीब 600 लोगों की मौत हुई है। अस्पतालों और आवश्यक सेवाओं में जुड़े करीब 50 हजार लोग हर दिन लोगों के लिए सप्लाई और एंबुलेंस सेवाएं पहुंचा रहे हैं।