Chinese woman travels to Pak: एक देश से दूसरे देश के रिश्ते भले तल्ख हों, लेकिन आजकल कुछ सरहद पार लव स्टोरी ने दोनों देशों के लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा है। सीमा हैदर और अंजू के बाद एक और प्रेम कहानी सामने आई है। अब एक चीनी महिला अपने पाकिस्तानी प्रेमी से मिलने के लिए खैबर पख्तूनख्वा प्रांत पहुंची है। महिला की दोस्ती सोशल मीडिया पर हुई और उसे प्यार हो गया। पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला की पहचान गाओ फेंग के रूप में हुई है, जो तीन महीने के वीजा पर गिलगिट के रास्ते चीन से बुधवार को इस्लामाबाद पहुंची। 21 वर्षीय युवती को उसका 18 वर्षीय दोस्त जावेद लेने पहुंचा था, जो अफगानिस्तानी सीमा से सटे बाजौर जनजातीय जिले का रहने वाला है।

अफगानिस्तान की सीमा से लगे बाजौर जिले में सुरक्षा स्थिति के कारण जावेद महिला को अपने गृहनगर के बजाय निचले दीर जिले के समरबाग तहसील में अपने मामा के घर ले गया। पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले तीन साल से स्नैपचैट के जरिए संपर्क में थे। जिसके बाद दोनों की यह दोस्ती प्यार में बदल गई।

जावेद के चचेर भाई इज्जतुल्ला ने बताया कि चीनी महिला गाओ ने इस्लाम धर्म कबूल करने के बाद बुधवार को जावेद से निकाह कर लिया। अब उसका नया नाम किस्वा है। इज्जतुल्ला ने कहा कि गाओ 20 जुलाई को इस्लामाबाद पहुंची थी। जहां जावेद उसको लेने के लिए पहुंचा था। वहां से वे 21 जुलाई को निचले दीर जिले में आए जहां गाओ समरबाग में उसके घर पर रुकी। इज्जतुल्ला ने कहा, ‘जावेद और गाओ ने बुधवार को निकाह किया और फिर इस्लामाबाद के लिए रवाना हो गए। हालांकि, स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन ने मुहर्रम और सुरक्षा कारणों की वजह से उन्हें खुले में घूमने से मना किया गया है।

इज्जतुल्ला ने आगे कहा कि जावेद बाजौर डिग्री कॉलेज में कंप्यूटर साइंस का कोर्स कर रहा है और चीन में गाओ के साथ कोर्ट मैरिज करेगा। वहीं पुलिस ने भी इन जानकारियों की पुष्टि की है। इज्जतुल्ला ने कहा कि गाओ कुछ दिनों में चीन लौट जाएगी, जबकि जावेद पाकिस्तान में ही रहेगा। उसने बताया कि पाकिस्तान में अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद जावेद चीन जाएंगा, जिसमें लगभग एक साल लगेगा।

इससे पहले निचले दीर जिले के जिला पुलिस अधिकारी जियाउद्दीन ने मीडिया को बताया कि चीनी महिला को समरबाग इलाके में पूरी सुरक्षा प्रदान की गई है। हालांकि, मुहर्रम और क्षेत्र में सुरक्षा चिंताओं के कारण उसे खुले में आने जाने की सुविधा नहीं दी जा रही है। पुलिस ने कहा कि महिला के यात्रा दस्तावेज सही हैं।

प्यार की तलाश में चीनी लड़की के पाकिस्तान जाने की खबर ऐसे समय में आई है, जब भारत की 34 साल की विवाहिता महिला अंजू अपने 29 वर्षीय पाकिस्तानी दोस्त नसरुल्लाह से मिलने के लिए खैबर पख्तूनख्वा के ऊपरी दीर जिले पहुंची। जहां अंजू ने धर्म बदलकर अपना नाम फातिमा रखा और प्रेमी नसरुल्लाह से शादी कर ली। जिसका एक वीडियो भी सामने आया है। वहीं इससे पहले पाकिस्तान की विवाहित महिला सीमा हैदर अपने प्रेमी सचिन मीणा से मिलने भारत आ गई। ग्रेटर नोएडा में वो अपने प्रेमी के साथ रह रही है।