तनाव और जरूरत से ज्यादा काम करने का इंसान के शरीर पर बुरा असर पड़ता है। अत्यधिक काम के दुष्प्रभावों को सामने रखने वाली ऐसी ही एक दुखद घटना में एक चीनी व्यक्ति की 104 दिनों तक लगातार काम करने से मौत हो गयी। 30 वर्षीय इस शख्स ने 104 दिनों तक काम करने के दौरान केवल एक दिन छुट्टी ली, ऐसे में जरूरत से ज्यादा काम करने की वजह से उसके ऑर्गन फेल हो गए और उसकी मृत्यु हो गई।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, अबाओ नामक व्यक्ति जो एक पेंटर था, न्यूमोकोकल संक्रमण से पीड़ित हो गया, जिससे जून 2023 में उसकी मृत्यु हो गई। अबाओ ने फरवरी 2023 में एक कंपनी के साथ कॉन्टरैक्ट साइन किया था जिसके मुताबिक उसने जनवरी 2024 तक एक प्रोजेक्ट पर काम करने का वादा किया था।
अबाओ को पूर्वी चीनी प्रांत झेजियांग के एक शहर झोउशान में प्रोजेक्ट दिया गया, जिसके बाद उसने काम करना शुरू किया। इस दौरान अबाओ ने फरवरी 2023 से मई 204 तक लगातार 104 दिनों तक हर दिन काम किया और 6 अप्रैल को केवल एक दिन का आराम किया। 25 मई को आखिरकार वह बीमार हो गया और डोरमेट्री में ही आराम किया। हालाँकि, उसकी हालत तेजी से बिगड़ती गई और 28 मई को अबाओ के सहयोगियों को उसे अस्पताल ले जाना पड़ा। डॉक्टरों ने बताया कि उसके फेफड़ों में संक्रमण और श्वसन तंत्र फेल हो गया है, जिसके बाद 1 जून को उसका निधन हो गया।
परिवार ने किया कंपनी पर मुकदमा
अबाओ की मृत्यु के बाद उसके परिवार ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके नियोक्ता के खिलाफ मुकदमा दायर किया। कानूनी कार्रवाई तब हुई जब सामाजिक सुरक्षा अधिकारियों ने फैसला सुनाया कि अबाओ की मौत को काम से संबंधित चोट के रूप में वर्गीकृत नहीं किया जा सकता है। जिसके पीछे उन्होंने उसकी मौत के समय को कारण बताया। हालांकि, उसके परिवार ने तर्क दिया कि लंबे समय तक अत्यधिक काम और आराम की कमी के चलते अबाओ की मृत्यु हुई।
अदालत ने दिलाया इतना मुआवजा
हालाँकि, एक चीनी अदालत ने अबाओ के परिवार के पक्ष में फैसला सुनाया और आबाओ के नियोक्ता को उसकी मृत्यु के लिए 20% उत्तरदायी ठहराया। अदालत ने पाया कि अबाओ की मृत्यु न्यूमोकोकल संक्रमण के कारण कई अंगों की विफलता से हुई, जो अक्सर कमजोर इम्यूनिटी सिस्टम से जुड़ा होता है। अदालत ने यह भी कहा कि अबाओ की लगातार 104 दिनों की लंबी कार्य अवधि चीनी श्रम कानून का घोर उल्लंघन थी, जो स्पष्ट रूप से प्रति दिन अधिकतम 8 कार्य घंटे और प्रति सप्ताह औसतन 44 घंटे निर्धारित है।
अदालत ने अबाओ के परिवार को कुल 400,000 युआन (लगभग 47,46,000 रुपये) का मुआवजा दिया, जिसमें वित्तीय के साथ ही भावनात्मक क्षतिपूर्ति के लिए 10,000 युआन की अलग राशि शामिल थी। हालांकि, कंपनी ने फैसले के खिलाफ अपील की लेकिन मूल फैसले को बरकरार रखा गया।