Charlie Kirk Shot Dead: डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली कर्क की बुधवार को यूटा कॉलेज के एक कार्यक्रम में गोली मारकर हत्या कर दी गई। अमेरिका की ऊताह वैली यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान कंजरवेटिव युवा नेता और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली कर्क की गोली मारकर हत्या की गई है। यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान उनको गोली मारी गई।

चार्ली कर्क की हत्या में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया था, लेकिन कई घंटों पूछताछ के बाद उसे रिहा कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां हत्यारे की तलाश में जुटी हैं। बता दें, चार्ली कर्क ऊताह वैली यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में भाषण दे रहे थे, तभी उनके गले में गोली मार दी गई। इस घटना से सिर्फ ट्रंप ही नहीं कमला हैरिस, जो बाइडेन और बराक ओबामा भी दुखी हैं।

ट्रंप के करीबी थे चार्ली कर्क

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर चार्ली कर्क की मौत पर दुख जताया। वहीं FBI डायरेक्टर काश पटेल ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि यूटा वैली विश्वविद्यालय में चार्ली किर्क से जुड़ी दुखद गोलीबारी की रिपोर्टों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। उनकी संवेदनाएं चार्ली, उनके प्रियजनों और प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। एफबीआई कार्रवाई और जांच में पूर्ण सहयोग के लिए तैयार है। चार्ली कर्क की हत्या के बाद ट्रंप ने राष्ट्रीय झंडों को आधा झुकाने का आदेश दिया है।

चार्ली कर्क के गले में मारी गोली

इस घटना का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें 10 सितंबर को दोपहर 12 बजे के करीब चार्ली यूनिवर्सिटी में एक सेशन में छात्रों के सवालों का जवाब दे रहे थे। तभी किसी ने उनको गोली मार दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में चार्ली सफेद टेंट के नीचे माइक पर बोलते दिखाई दे रहे हैं। तभी अचानक गोली की आवाज सुनाई देती है। इस घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। लोग चीखते हुए वहां से भागने लगे।

यूनिवर्सिटी डिबेट के दौरान हुई घटना

वायरल वीडियो में ट्रंप के करीबी चार्ली यूनिवर्सिटी डिबेट कर रहे थे। तभी अचानक से गोली चलने की आवाज आती है और भीड़ इधर-उधर भागने लगती है।

पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि हमारे देश में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। इसे अभी ख़त्म होना चाहिए। जिल और मैं चार्ली कर्क के परिवार और प्रियजनों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- नेपाल में Gen Z के हिंसक विरोध प्रदर्शनों में अब तक 30 लोगों की मौत

पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि हमें अभी तक यह पता नहीं चला है कि चार्ली कर्क को गोली मारने वाले व्यक्ति की क्या मंशा थी, लेकिन इस तरह की घिनौनी हिंसा के लिए हमारे लोकतंत्र में कोई जगह नहीं है। मिशेल और मैं चार्ली के परिवार के लिए, खासकर उसकी पत्नी एरिका और उनके दो छोटे बच्चों के लिए प्रार्थना करेंगे।

अमेरिका की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा कि यूटा में हुई गोलीबारी से मैं बेहद व्यथित हूं। चार्ली कर्क और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं। उन्होंने कहा कि अमेरिका में राजनीतिक हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। मैं इस कृत्य की निंदा करती हूं। हम सभी को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि इससे और हिंसा न हो।

यह भी पढ़ें- कतर के साथ अमेरिका ने कर दिया डबल गेम