अमेरिका का राष्ट्रपति चुनाव पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस बीच एक हैरान कर देने वाली जानकारी सामने आई है। अमेरिका की कई बड़ी टेक कंपनियों के कर्मचारियों ने डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस का भारी समर्थन किया है। एक तरीके से सिलिकॉन वैली में चंदे के मामले में कमला हैरिस ने रिपब्लिकन राष्ट्रपति उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप पर बढ़त बनाई हुई है।

अल्फाबेट, अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट के कर्मचारियों की पहली पसंद कमला

पॉलिटिकल वॉचडॉग ओपनसीक्रेट्स के आंकड़ों के अनुसार अल्फाबेट, अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट के कर्मचारी कमला हैरिस के चुनाव अभियान को अधिक सपोर्ट कर रहे हैं। उन्होंने लाखों डॉलर का दान किया है। इस डेटा में कंपनी के कर्मचारियों, मालिकों और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा किया गया दान शामिल है।

हालांकि टेस्ला के सीईओ एलन मस्क और वेंचर कैपिटल फर्म आंद्रेसेन होरोविट्ज़ के सह-संस्थापक मार्क आंद्रेसेन और बेन होरोविट्ज़ समेत कुछ अरबपति अर्थव्यवस्था और टैक्स सुधारों को ध्यान में रखते हुए पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ खड़े हैं। समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार ग्रेलॉक के वेंचर कैपिटलिस्ट रीड हॉफमैन और उद्योगपति मार्क क्यूबन कमला हैरिस को समर्थन कर रहे हैं उनका कहना है कि श्रमिकों के लिए गर्भपात अधिकार और प्रो-टेक नीतियों में बदलाव की उम्मीद के कारण वह ऐसा कर रहे हैं।

American President Election: कमला हैरिस और ट्रंप के बीच चुनावी बहस का काउंटडाउन शुरू, डिबेट से जुड़ी वो बातें जो आपको जरूर जाननी चाहिए

ट्रंप से 40 गुना अधिक चंदा कमला को

बता दें कि हाल के वर्षों में कई अन्य टेक लीडर्स ने डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति जो बाइडेन की नीतियों पर नाराजगी जताई थी। लेकिन अब जब कमला हैरिस उम्मीदवार हैं, तो हजारों कर्मचारी उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं। ओपनसीक्रेट्स के अनुसार, अल्फाबेट और उसकी सहायक कंपनियों के कर्मचारियों (जिनमें Google भी शामिल है) और उनके परिवार के सदस्यों ने कमला हैरिस के अभियान के लिए अब तक 2.16 मिलियन डॉलर का दान दिया है, जो ट्रंप को मिली राशि से लगभग 40 गुना अधिक है।

अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट के कर्मचारियों और परिवार के सदस्यों ने क्रमशः 1 मिलियन और 1.1 मिलियन डॉलर का दान कमला हैरिस को दिया। जबकि ट्रंप को अमेजन के कर्मचारियों से 116,000 डॉलर और माइक्रोसॉफ्ट के कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों से 88,000 डॉलर जुटाए।

वॉलमार्ट के कर्मचारियों ने कमला हैरिस और ट्रंप दोनों को कुल 275,000 डॉलर का दान दिया है। यहां पर दोनों उम्मीदवारों को लगभग बराबर राशि मिली है। ट्रंप को वॉलमार्ट कर्मचारियों से 144,000 डॉलर जबकि कमला हैरिस को 130,000 डॉलर मिला है।