भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के दौरान आज (25 दिसंबर को) एक राहत भरी खबर आई। पाकिस्तान ने बड़ा दिल दिखाते हुए 220 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया है। ये सभी गलती से पाकिस्तान की सीमा में पहुंच गए थे। पिछले दो-तीन महीनों में सीमा पार से हुई आतंकवादी घटनाओं के मद्देनजर दोनों देशों के संबंधों में आए तनाव के बीच इस रिहाई को सद्भावना की एक पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
पाकिस्तानी जेल अधीक्षक हसन सेहतो ने बताया कि यहां मालिर जेल से रिहा किए गए 220 मछुआरों को अवैध रुप से पाकिस्तानी जल सीमा में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। मछुआरे लाहौर जाने वाली रेलगाड़ूी में सवार हुए, जहां से उन्हें वाघा सीमा पर भारतीय अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। सेहतो ने कहा गृह मंत्रालय ने 220 मछुआरों को रिहा कर दिया, जबकि 219 अब भी हमारी हिरासत में हैं।

गौरतलब है कि आज ही पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का जन्मदिन है। वो 67 साल के हो गए हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवाज शरीफ को शुभकामनाएं दी हैं और उनके स्वस्थ और दीर्घायु होने की कामना की है।

आपको बता दें कि हर साल अनजाने में जल सीमा लांघकर सैकड़ों मछुआरे पाकिस्तान की सीमा में चले जाते हैं और ठीक उसी तरह सैकड़ों पाकिस्तानी मछुआरे भारतीय सीमा में चले आते हैं। समंदर में कोई जल सीमा स्पष्ट नहीं होने की वजह से अनजाने मछुआरों के साथ ऐसा अक्सर होता रहा है। दोनों देशों की सरकारें इसके तहत समय-समय पर मछुआरों को रिहा करती रही है।