दूध और फल दोनों को ही सेहत के लिए बेहद हेल्दी और फायदेमंद माना जाता है। दूध में प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन्स और मिनरल्स भरपूर मात्रा में होते हैं। वहीं, सेब में फाइबर, विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत है। दूध और सेब दोनों ही पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं, लेकिन अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या दूध और सेब को एक साथ खाया जा सकता है? आयुर्वेद और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सभी फलों को दूध के साथ मिलाना शरीर के लिए लाभदायक नहीं होता, कुछ गलत कॉम्बिनेशन से पाचन संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं। न्यूट्रिशनिस्ट और वेलनेस एक्सपर्ट वरुण कत्याल ने बताया कि दूध और सेब को एक साथ खाने पर शरीर पर क्या असर पड़ता है। इन्हें एक साथ खाने से क्या फायदा होता है और क्या नुकसान हो सकता है।

दूध और सेब का कॉम्बिनेशन

न्यूट्रिशनिस्ट वरुण कत्याल के मुताबिक, दूध में कैल्शियम और प्रोटीन अच्छी मात्रा में होता है, जबकि सेब फाइबर, विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत है। आयुर्वेद में दूध और कुछ फलों को असंगत संयोजन यानी गलत कॉम्बिनेशन बताया गया है। इसका मतलब है कि अगर इन्हें एक साथ खाया जाए तो पाचन तंत्र पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।

एक्सपर्ट की राय

आयुर्वेदाचार्य डॉ. प्रताप चौहान के अनुसार, दूध को खासकर खट्टे फलों के साथ नहीं खाना चाहिए। खट्टे तत्व दूध को फाड़ देते हैं और इससे अपच, गैस और एसिडिटी की समस्या हो सकती है। हालांकि, सेब पूरी तरह खट्टा फल नहीं है, लेकिन इसमें हल्की एसिडिक प्रकृति पाई जाती है, जिससे कुछ लोगों में पाचन गड़बड़ी हो सकती है।

ऐसे में जिन लोगों को डाइजेशन संबंधी समस्या है। जैसे गैस, एसिडिटी, कब्ज या लैक्टोज इनटॉलरेंस की समस्या वाले लोगों के लिए यह कॉम्बिनेशन नुकसानदायक साबित हो सकता है। इसके अलावा दूध और सेब यानी एप्पल मिल्कशेक को भी सीमित मात्रा में लेना चाहिए।

दूध और सेब साथ खाने के नुकसान

  • दूध और सेब साथ खाने से कुछ लोगों में पाचन संबंधी समस्या हो सकती है।
  • सेब में फाइबर और हल्की एसिडिटी होती है, जो दूध के साथ मिलकर एसिडिटी का खतरा बढ़ा सकती है।
  • दूध और फल एक साथ खाने से कभी-कभी शरीर दोनों से पर्याप्त पोषक तत्व नहीं ले पाता।

दूध और सेब खाने का सही तरीका

अगर आप सेब और दूध का स्वाद लेना चाहते हैं, तो उन्हें अलग-अलग टाइम पर खाना बेहतर है। दूध सुबह या रात के समय लें, जबकि सेब दिन के समय या नाश्ते में खाना अच्छा माना जाता है यानी सेब को सुबह खाली पेट या दिन में स्नैक के रूप में खाएं। इसके अलावा दूध को रात में सोने से 1 घंटा पहले गुनगुना करके पिएं।

सेब और दूध के फायदे

दूध और सेब का एक साथ सेवन करने से हड्डियों से जुड़ी कई समस्याओं को दूर किया जा सकता है, क्योंकि दोनों के अंदर कैल्शियम, जिंक, विटामिन के, मैग्नीशियम, विटामिन डी आदि मौजूद होते हैं। इसके अलावा दूध और सेब का सेवन एक साथ करते हैं तो वह वजन भी कंट्रोल कर सकता है। ये मेटाबॉलिज्म को बढ़ाते हैं और शरीर को एनर्जी देते हैं, जो वजन घटाने के लिए महत्वपूर्ण है।

वहीं, एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ. बिमल झाजर ने बताया अगर आपका कोलेस्ट्रॉल हाई है तो आप एनिमल फूड्स का सेवन करने से परहेज करें।