World Sight Day 2023 History: आंखें हमारी बॉडी का अहम हिस्सा हैं जिनकी वजह से हम अपनी जीविका कमाते हैं ज़िंदगी के सभी कामों को पूरा करते हैं। आंखों की रोशनी को मरते दम तक कायम रखने के लिए आंखों की हिफ़ाज़त करना बेहद जरूरी है। आंखों की हिफ़ाज़त करने और अंधेपन से बचाव करने के लिए हर साल वर्ल्ड आई साइट डे मनाया जाता है। ये दिन हर साल अक्टूबर के दूसरे गुरुवार को दुनिया भर में विश्व दृष्टि दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस साल ये दिन 12 अक्टूबर यानि आज के दिन मनाया जा रहा है। इस साल विश्व दृष्टि दिवस की थीम है काम पर अपनी आंखों से प्यार करें’है। भारत सरकार ने इस मुद्दे पर ध्यान आकर्षित करने के लिए देश भर में कई कार्यक्रम आयोजित किए हैं।
आंखों से काम लेते हैं तो उसका ख्याल रखना भी जरूरी है। इन आंखों की वजह से ही हम जिंदगी को जीते हैं और अपने जरूरी कामों को निबटाते हैं। आजकल मोबाइल हमारी आंखों का सबसे बड़ा दुश्मन बन गया है। हमारे पास दिन भर में जितनी भी मसरुफियत क्यों नहीं हो हम मोबाइल को देखना नहीं भूलते। हम दिन भर कंप्यूटर के साथ गुजारते हैं बाकी बचा हुआ वक्त मोबाइल पर कुर्बान कर देते हैं। मोबाइल और लेपटॉप की रोशनी हमारी आंखों की रोशनी को कम कर रही है।
दिन भर में आप जितना आराम अपनी बॉडी को देना चाहते हैं उतना ही आराम आप अपनी आंखों को भी दें। आंखों पर ज्यादा बोझ डालेंगे तो आंखों की रोशनी कम उम्र में ही कम होती जाएगी। डॉक्टर अग्रवाल आई हॉस्पिटल में डॉक्टर वंदना जैन ने बताया कि हमेशा गैजेट्स से चिपके रहेंगे तो आंखों की रोशनी कम होगी। आंखों की रोशनी को बनाए रखने के लिए हेल्दी डाइट और गैजेट्स का कम इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि आंखों की रोशनी को कायम रखने के लिए कौन-कौन से उपायों को अपनाएं।
हेल्दी डाइट आंखों के लिए सबसे जरूरी
हेल्दी डाइट का सेवन आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए बेहद जरूरी है। डाइट में पोषक तत्वों की कमी होने से आंखों की रोशनी कम होती है और आंखें कमजोर होती है। डॉक्टर वंदना के मुताबिक आंखों की अच्छी सेहत के लिए डाइट में विटामिन ए,विटामिन सी और विटामिन ई जैसे एंटीऑक्सीडेंट को शामिल करें। ये सभी पोषक तत्व आंखों की रोशनी को कायम रखने के लिए जरूरी हैं। इनमें कैरोटीनॉयड, ल्यूटिन और ज़ेक्सैंथिन भी मौजूद होता है जो गैजेट्स की नीली रोशनी से आंखों की हिफ़ाज़त करते हैं और आपकी आंखों के रेटिना को नुकसान से बचाते हैं।
आंखों को ब्रेक दें
आप जिस तरह बॉडी को आराम देते हैं उसी तरह आंखों को भी ब्रेक दें। अगर कंप्यूटर पर काम करते हैं तो हर एक घंटे में कुछ मिनट कंप्यूटर से दूर रहने की कोशिश करें। यह वक्त आपकी आंखों को आराम देगा और आंखों को फिर से जीवंत होने का मौका देगा।
आंखों की एक्सरसाइज भी है जरूरी
मोबाइल पर घंटों काम करने से आंखों की थकान बढ़ जाती है ऐसे में आंखों की एक्सरसाइज करना जरूरी है। आंखों की एक्सरसाइज से मतलब है कि आप काम के बीच में थोड़ा सा वक्त निकाल कर आंखों को गोल गोल घुमाएं। क्लॉकवाइज और एंटी-क्लॉकवाइज डाइरेक्शन में आंखों को घुमाने से आंखों की थकाम कम होती है और आंखों को रिलेक्स मिलता है। ये एक्सरसाइज आपकी आंखों को लम्बी उम्र तक हेल्दी रखेगी।
काम के दौरान पलके जरूर झपकाएं
काम के दौरान स्क्रीन पर लंबे समय तक नज़रे जमाकर रहते हैं तो बीच-बीच में पलकें जरुर झपकाएं। काम के बीच पलके झपकाने से आंखों को आराम मिलता है और तनाव दूर होता है। आप अपनी आंखों को 2 सेकेंड के लिए बंद करें और फिर खोलें ये आपकी आंखों की बेस्ट एक्सरसाइज है।