सर्दी हरी सब्जियों का मौसम है, इनमें भी ठंड के मौसम में लोग साग बड़े चाव के साथ खाते हैं। ये स्वाद में तो लाजवाब होता ही है, साथ ही आपकी सेहत को भी कई तरह से फायदा पहुंचाता है लेकिन क्या आप जानते हैं कि साग में सफेद मक्खन मिलाकर खाने से इसके फायदे चार गुना अधिक बढ़ जाते है?

हाल ही में इसे लेकर पोषण विशेषज्ञ लवनीत बत्रा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है। इस पोस्ट में न्यूट्रिशनिस्ट ने साग में सफेद मक्खन मिलाकर खाने के फायदे बताए हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से-

फैट सॉल्युबल विटामिन

लवनीत बत्रा के म़ुताबिक, सफेद मक्खन विटामिन ए, डी, ई और के से भरपूर होता है। वहीं, वसा में घुलनशील ये विटामिन्स विभिन्न शारीरिक कार्यों के लिए जरूरी होते हैं। मक्खन का सेवन स्किन से लेकर आंखों की रोशनी को बढ़ाने और बोन्स हेल्थ के लिए भी अच्छा माना जाता है, इसमें गुड कॉलेस्ट्रॉल पाया जाता है, जिसे मेडिकल की भाषा में लिपोप्रोटीन और HDL कहा जाता है। ये हार्ट को हेल्दी रखने के लिए जरूरी होता है। इन सब के अलावा उचित मात्रा में मक्खन के सेवन से वजन को कंट्रोल करने में भी मदद मिलती है।

आयरन अवशोषण में करता है मदद

पोषण विशेषज्ञ के मुताबिक, साग इनमें भी खासकर पालक के साग में आयरन की मात्रा अधिक होती है। वहीं, सफेद मक्खन में मौजूद वसा आयरन के अवशोषण में मदद करता है। ऐसे में खासकर जो महिलाएं एनीमिया की समस्या से जूझ रही हैं, उन्हें साग में सफेद मक्खन मिलाकर खाना चाहिए।

कड़वाहट को करता है संतुलित

साग के साथ सफेद मक्खन को मिलाकर खाने से हरी सब्जियों की हल्की कड़वाहट संतुलित रहती है, जिससे इसका स्वाद और अधिक बढ़ जाता है।

हेल्दी रखता है गट हेल्थ

इन सब के अलावा पोषण विशेषज्ञ बताती हैं कि सफेद मक्खन में ब्यूटायरेट नामक फैटी एसिड पाया जाता है, जो आंतों के स्वास्थ्य में सुधार कर बेहतर गट हेल्थ में मदद करता है। साथ ही इससे आंतों में सूजन जैसी समस्या से भी राहत पाई जा सकती है और इस तरह एक कटोरी साग में केवल 1 चम्मच सफेद मक्खन मिलाकर खाने से आप इसके फायदों को और चार गुना अधिक बढ़ा सकते हैं।

घर पर इस तरह बनाएं सफेद मक्खन

इसे बनाने के लिए दूध से तैयार मलाई को मथनी या ब्लेंडर की मदद से पूरी तरह लिक्विड में बदलने तक चलाते रहें। कुछ समय बाद धीरे-धीरे इस लिक्विड से एक ठोस पदार्थ अलग होने लगता है। इस ठोस पदार्थ को ही सफेद बटर या मक्खन कहा जाता है। यानी सफेद बटर बिलकुल नेचुरल या कहें कि अनप्रोसेस्ड तरीके से तैयार किया जाता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।