डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है जिसे साइलेंट किलर के नाम से जाना जाता है। इस बीमारी में मीठा शरीर के लिए ज़हर बन जाता है और बॉडी में कई तरह की बीमारियों का खतरा पैदा होने लगता है। डायबिटीज की बीमारी का कोई इलाज नहीं है इसे सिर्फ कंट्रोल किया जाता है। अगर लम्बे समय तक ब्लड शुगर को कंट्रोल नहीं किया जाए तो बॉडी के मुख्य ऑर्गन जैसे दिल, किडनी और लंग्स को नुकसान पहुंचता है। डायबिटीज मरीजों की ब्लड शुगर हाई होने से एक परेशानी और ज्यादा तंग करती है वो है कंधे का दर्द।
हैदराबाद के अपोलो हॉस्पिटल्स के कंसल्टेंट-न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि कंधे का दर्द आमतौर पर एडहेसिव कैप्सूलाइटिस (फ्रोजन शोल्डर) के कारण होता है जो डायबिटीज मरीजों के लिए बहुत आम समस्या है। जिन लोगों को स्ट्रोक होता है उन्हें भी कंधे में दर्द की शिकायत होती है। एक्सपर्ट ने बताया इस परेशानी का उपचार फिजियोथेरेपी और OTC एनाल्जेसिक से किया जाता है। अगर दर्द लम्बे समय तक बना रहे तो डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी होता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि डायबिटीज मरीजों को कंधे में दर्द क्यों होता है और उसका इलाज कैसे किया जाए।
डायबिटीज मरीजों को कंधे में दर्द क्यों होता है?
डायबिटीज मरीजों को कंधे में दर्द होने का एक मुख्य कारण फ्रोजन शोल्डर या कंधे का जकड़ना है। डायबिटीज मरीजों में कंधे का दर्द होना एक आम परेशानी बन गया है। फ्रोजन शोल्डर एक ऐसी स्थिति है जिसमें कंधे के जोड़ की गति में कमी आती है और कंधा जकड़ जाता है। इससे कंधे में सूजन, दर्द और जकड़न होती है जिसकी वजह से कंधे को मूव करना और कुछ भी काम करना मुश्किल होता है।
डायबिटीज मरीजों की ब्लड शुगर लम्बे समय तक हाई होने से ये कनेक्टीव टीशू पर भारी पड़ता है जिससे कंधे के जोड़ की गति सीमित हो जाती है और दर्द होता है। डायबिटीज से होने वाली न्यूरोपैथी से कंधे के जोड़ के मूवमेंट में कमी हो सकती है और इससे दर्द बढ़ सकता है। हाई ब्लड शुगर की वजह से कंधे में सूजन हो सकती है और स्टिफनेस बढ़ सकती है।
फ्रोजन शोल्डर के लक्षण
- कंधे में तेज दर्द होना खासकर रात के समय में।
- कंधे में स्टिफनेस होना, जिससे हाथ उठाना या घुमाना मुश्किल होता है।
- कंधे में हल्की या तेज सूजन होना और लाली होना।
- धीरे-धीरे कंधे की गति में कमी आना शामिल है।
इस दर्द के इलाज और रोकथाम के लिए लोग क्या कर सकते हैं?
- कंधे के दर्द, सूजन और स्टिफनेस का इलाज करने के लिए डायबिटीज मरीज फिजियोथेरेपी करें।
- नॉन-स्टेरॉयड एंटी-इंफ्लेमेटरी ड्रग्स (NSAIDs) का सेवन किया जा सकता है। अगर दर्द बहुत ज्यादा हो तो डॉक्टर कोर्टिकोस्टेरॉयड इंजेक्शन दे सकते हैं।
- कंधे के दर्द का इलाज करने के लिए डायबिटीज को कंट्रोल करना बहुत जरूरी है। डायबिटीज कंट्रोल करके कंधे के दर्द को कंट्रोल किया जा सकता है।
- कंधे के दर्द को कंट्रोल करने के लिए एक्सरसाइज और फिजिकल एक्टिविटी जैसे कि रोज़ाना हलके व्यायाम, तैराकी, या पैदल चलना, कंधे की गति को बेहतर कर सकते हैं।
- बैलेंस डाइट का सेवन करके आप ब्लड शुगर को नॉर्मल कर सकते हैं।
- डायबिटीज रोगियों के लिए कंधे के दर्द और फ्रोजन शोल्डर की समस्या को समय पर पहचान कर ही बीमारी का इलाज किया जा सकता है।
आंतों की सूजन होने पर तेजी से बनती है पेट में गैस, इन 5 फूड को तुरंत डाइट का बना लें हिस्सा, बिना दवा सुधर जाएगी गट हेल्थ। पूरी जानकारी हासिल करने के लिए लिंक पर क्लिक करें।