त्योहार का सीजन चल रहा है। ऐसे में लोग जमकर मीठा खाने वाले हैं। मिठाइयां खाने में तो बेहद स्वादिष्ट लगती हैं, हालांकि इन्हें खाने के बाद अक्सर व्यक्ति को तमाम तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इनमें दांत में दर्द होना सबसे आम है। इसके अलावा भी दांत में दर्द एक ऐसी समस्या है, जिससे अक्सर लोग परेशान रहते हैं। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है।

यहां हम आपको कुछ बेहद आसान टिप्स बता रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप दांत में दर्द से जल्द राहत पा सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में-

दांत में दर्द को तुरंत कम कैसे करें?

नमक का पानी

दांत में दर्द होने पर आप नमक के पानी से कुल्ला कर सकते हैं। दरअसल, पानी में नमक मिलाने से तैयार खारा सॉल्यूशन एक ऐसा वातावरण बनाने में मदद करता है, जिसमें बैक्टीरिया और वायरस नहीं पनपते हैं। इस तरह आपको दांतों में दर्द या सूजन से राहत मिल जाती है। इसके अलावा नमक के पानी से कुल्ला करने पर मौखिक घावों को ठीक करने में भी मदद मिल सकती है।

हाइड्रोजन पेरोक्साइड से कुल्ला

दांत में दर्द बढ़ने पर आप हाइड्रोजन पेरोक्साइड से कुल्ला कर सकते हैं। ये माइल्ड एंटीसेप्टिक होता है, जो बैक्टीरिया को मारने दर्द और सूजन से राहत दिलाने में असर दिखाता है। इसके अलावा हाइड्रोजन पेरोक्साइड दांतों में लगे प्लाक को कम करने में भी योगदान कर सकता है, जिससे आपकी ओरल हेल्थ बेहतर रहती है। इसके लिए 3 प्रतिशत हाइड्रोजन पेरोक्साइड को बराबर मात्रा में पानी के साथ मिलाएं और इसे माउथवॉश के रूप में उपयोग करें।

लहसुन

इन सब से अलग लहसुन दांत के दर्द में असर दिखा सकता है। लहसुन में एंटी बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो मुंह में मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया को कम कर दर्द से राहत दिला सकते हैं। इसके लिए लहसुन की एक कली को कुचलकर पेस्ट बनाएं और इसे प्रभावित जगह पर लगाएं। आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा नमक भी मिला सकते हैं। ऐसा करने से आपको दांत के दर्द से तुरंत राहत मिल सकती है।

कब है डॉक्टर के पास जाने की जरूरत?

दांत का दर्द बढ़ने पर ओवर-द-काउंटर पेन किलर लेने से बचें। अगर दर्द लगातार बढ़ रहा है और इन नुस्खों को अपनाने के बाद भी राहत नहीं मिल पा रही है। इसके अलावा दांत दर्द के साथ-साथ आपको बुखार, सांस लेने या निगलने में परेशानी, दांतों में सूजन, काटने पर दर्द, असामान्य रूप से लाल मसूड़े और गंदा स्वाद वाला स्राव या मवाद जैसे लक्षण नजर आ रहे हैं, तो इसे लेकर तुरंत हेल्थ एक्सपर्ट्स से सलाह लें।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।