Real benefits of eating carrots: गाजर एक जड़ वाली सब्ज़ी है जो सर्दियों में अधिक मात्रा में पाई जाती है, हालांकि नारंगी गाजर सबसे ज़्यादा मशहूर है और लोग इसे लगभग पूरे साल खाते हैं। गाजर की कई किस्में होती हैं, जिनका रंग बैंगनी, पीला, लाल और सफेद होता है। गाजर स्वाद में हल्की मीठी और बेहद पसंदीदा सब्ज़ी है, जो शरीर को भरपूर पोषण देती है। गाजर पोषक तत्वों से भरपूर फूड है। इसमें मौजूद बीटा-कैरोटीन शरीर में विटामिन A में बदलता है, जो आंखों की रोशनी को बेहतर बनाता है। यह इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है और सेल्स की ग्रोथ व उनके विकास में मदद करता है। खास बात यह है कि शरीर केवल उतना ही विटामिन A बनाता है जितनी आवश्यकता होती है, इसलिए गाजर खाने से विटामिन A की अधिकता से कोई नुकसान नहीं होता।
इसके अलावा गाजर फाइबर, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स का भी अच्छा स्रोत है। यह पाचन को बेहतर बनाती है, ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करती है। गाजर का सेवन करने से दिल की सेहत में सुधार होता है। गाजर का नियमित सेवन करने से लिवर की सेहत में सुधार होता है। स्किन को हेल्दी और जवान रखने में गाजर बेहद उपयोगी है।
एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ बिमल झाजर के मुताबिक गाजर मीठा और क्रेंची सब्जी है जिसमें गुण ही गुण है। इस सब्जी में कैलोरी कम और पानी ज्यादा होता है जो वजन कंट्रोल करने में असरदार होता है। आइए जानते हैं कि अगर एक हफ्ते तक रोज गाजर का सेवन किया जाए तो सेहत पर कैसा असर होता है।
एंटीऑक्सीडेंट का भंडार है गाजर
गाजर में बीटा-कैरोटीन के अलावा ल्यूटिन और ज़ेक्सैंथिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो फ्री रेडिकल्स से बचाव करते हैं। गाजर का सेवन करने से दिल की बीमारियां, कैंसर और उम्र से जुड़ी समस्याओं का खतरा घटता है। एंटीऑक्सीडेंट्स का पर्याप्त सेवन शरीर को बुढ़ापे की गति धीमी करने और कोशिकाओं की सुरक्षा करने में सहायक होता है।
पाचन के लिए फायदेमंद
गाजर फाइबर से भरपूर होती है, खासकर पेक्टिन नामक घुलनशील फाइबर से। यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है, कब्ज से बचाता है और आंतों के अच्छे बैक्टीरिया को पोषण देता है। हेल्दी आंत माइक्रोबायोम बेहतर पाचन के साथ-साथ इम्यून सिस्टम को भी सपोर्ट करता है। रोज़ाना गाजर खाने से पेट हल्का और आरामदायक महसूस होता है।
दिल की सेहत में होता है सुधार
गाजर में पाया जाने वाला पोटैशियम शरीर में सोडियम का संतुलन बना रहता है और ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने में मदद करता है। इसमें मौजूद फाइबर कोलेस्ट्रॉल को बांधकर शरीर से बाहर निकाल देता है। यह दोनों गुण दिल को हेल्दी रखने में और दिल की बीमारियों से बचाव करने में मददगार साबित होते हैं।
वजन रहता है कंट्रोल
सर्दियों में अक्सर वजन बढ़ने की समस्या होती है क्योंकि इस मौसम में लोग अधिक आराम करते हैं और शारीरिक गतिविधि कम हो जाती है। ठंड के कारण मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है, जिससे कैलोरी बर्न करना कठिन हो जाता है। अगर आप इस मौसम में वजन नियंत्रित रखना चाहते हैं, तो रोज़ाना गाजर का सेवन करें। गाजर खाने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है, भूख पर नियंत्रण रहता है और अनावश्यक खाने की इच्छा भी कम होती है।
कैंसर से होता है बचाव
गाजर में मौजूद शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स इसे एंटी-कैंसर सब्ज़ी बनाते हैं। ये तत्व शरीर की कोशिकाओं को हानि पहुंचाने वाले फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं और कैंसर के विकास को रोकने में मदद करते हैं। नियमित रूप से गाजर खाने से शरीर का इम्यून सिस्टम मजबूत रहता है और कैंसर का जोखिम काफी हद तक कम हो सकता है। इसलिए गाजर को अपनी डाइट में शामिल करना हेल्थ के लिए बेहद फायदेमंद है।
महिलाओं के पेट पर बढ़ती चर्बी देती हैं 10 बीमारियों को न्यौता, सदगुरु ने बताया 1 योग जो घटाएगा बीमारियों का रिस्क, स्टमक हो जाएगा फ्लैट। पूरी जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें।