अनार कुदरत का दिया हुआ अनमोल फल है जिसे जन्नत का फल भी माना जाता है। इस्लामिक परंपराओं के मुताबिक ये फल जन्नत में भी पाया जाता है। यह फल स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। इसे आयुर्वेद में खास मुकाम हासिल है। अनार में मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें विटामिन C, एंटीऑक्सीडेंट्स, फाइबर और दूसरे पौष्टिक तत्व मौजूद होते हैं, जो बॉडी को हेल्दी रखने में मदद करते हैं। यह फल दिल की सेहत को दुरुस्त करने में वरदान साबित होता है।
क्लीनिकल डायटीशियन जी सुषमा ने बताया कि अनार में कई तरह के कंपाउंड जैसे कि एंटीऑक्सीडेंट्स और पॉलिफिनॉल्स होते हैं जो ब्रेन की हेल्थ को दुरुस्त करते हैं। रोजाना एक अनार का सेवन करने से बॉडी के अंग-अंग को फायदा होता है। लाल सुर्ख रंग का ये फल इम्यूनिटी को मजबूत करता है और स्किन की रंगत में निखार लाता है। इसका सेवन करने का असर बॉडी के हर हिस्से पर दिखता है। ये स्किन को हेल्दी और जवान बनाता है। अगर आप हर दिन 1 अनार खाना शुरू करते हैं तो आप अपनी बॉडी में अनोखे बदलाव देखेंगे। आइए जानते हैं कि रोजाना अनार का सेवन करने से सेहत पर कैसा असर होता है।
रोज अनार खाएंगे तो जवान रहेंगे
अनार में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से लड़ते हैं, जो झुर्रियों और फाइन लाइन जैसे उम्र बढ़ने के लक्षणों को कम करने में मदद कर सकते हैं। ये यौगिक कोलेजन उत्पादन को स्पोर्ट करते हैं जिससे स्किन जवान और खूबसूरत दिखती है।
याददाश्त में होता है सुधार
कई रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि रोजाना अनार का सेवन करने से याददाश्त में सुधार होता है और संज्ञानात्मक कार्यों को बढ़ावा मिलता है। एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर अनार मस्तिष्क की कोशिकाओं की हिफाजत करता है। इसका सेवन करने से अल्जाइमर रोग जैसी न्यूरोडीजेनेरेटिव स्थितियों के जोखिम को कम करने में मदद मिलती है।
पाचन में होता है सुधार
इस फल में मौजूद डाइटरी फाइबर पाचन में सुधार करता है और आंत के कामकाज को दुरुस्त रखने में अहम किरदार निभाता है। इसमें प्राकृतिक प्रीबायोटिक होते हैं जो आंत में गुड बैक्टीरिया को बढ़ाते हैं। इसका सेवन करने से कब्ज और ब्लोटिंग से निजात मिलती है। पाचन से जुड़ी परेशानियों को दूर करने में अनार का सेवन जादुई असर करता है।
इम्यूनिटी होती है स्ट्रॉंग
अनार विटामिन सी का बेहतरीन स्त्रोत है जो संक्रमण से लड़ने और इम्यूनिटी को मजबूत करने में मदद करता है। इस फल के रोगाणुरोधी और एंटीवायरल गुण इसे सामान्य सर्दी और फ्लू को रोकने में प्रभावी बनाते हैं।
ब्लड शुगर होता है कंट्रोल
अनार का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है जो ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल करने में मदद करता है। ये इंसुलिन संवेदनशीलता को बेहतर बनाने में मदद कर सकता हैं, जिससे डायबिटीज कंट्रोल करने में मदद मिलती है। अनार का सेवन नाश्ते के रूप में कच्चा कर सकते हैं,सलाद या दही में डालकर खा सकते हैं। स्मूदी और जूस के रूप में भी अनार का सेवन किया जा सकता है।
गर्मी में दिन की शुरुआत करें नारियल पानी से, बॉडी रहेगी हाइड्रेट, दिल और किडनी की हेल्थ में होगा सुधार। नारियल पानी के बारे में पूरी जानकारी हासिल करने के लिए लिंक पर क्लिक करें।