नाशपाती एक मीठा फल हैं जिसका सेवन प्राचीन काल से किया जाता रहा है। नाशपाती को सॉफ्ट और कुरकुरा दोनों तरह से खाया जाता है। ये न केवल स्वादिष्ट फल हैं बल्कि इसके सेहत के लिए भी कई फायदे हैं। इस मौसम में नाशपाती की अच्छी किस्म मौजूद है। नाशपाती कई अलग-अलग किस्मों में आती है। एक मध्यम आकार की नाशपाती में मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें कैलोरी-101, प्रोटीन-1 ग्राम, कार्ब्स-27 ग्राम, फाइबर- 6 ग्राम, विटामिन सी 9% DV, विटामिन K-7% DV, पोटैशियम- 4% DV और जिंक-16% DV होता है।
हेल्थलाइन के मुताबिक नाशपाती पोटैशियम और कॉपर जैसे जरूरी मिनरल्स से भरपूर होती है। कॉपर इम्युनिटी को स्ट्रांग करने में अहम किरदार निभाता है, कोलेस्ट्रॉल मेटाबॉलिज्म और नर्व फंक्शन में भूमिका निभाता है। पोटैशियम मांसपेशियों के संकुचन और दिल के कार्यों में सुधार करता है। नाशपाती पॉलीफेनोल एंटीऑक्सीडेंट का बेहतरीन स्रोत है जो ऑक्सीडेटिव डैमेज से बचाव करता है। नाशपाती का सेवन उसके छिलके के साथ करें उसमें छह गुणा ज्यादा पॉलीफेनोल्स होता हैं। फाइबर से भरपूर नाशपाती का सेवन करने से वजन कंट्रोल रहता है। आइए जानते हैं कि नाशपाती का सेवन अगर रोजाना किया जाए तो सेहत को किस तरह से फायदा होता है।
गट हेल्थ में होता है सुधार
नाशपाती घुलनशील और अघुलनशील फाइबर का बेहतरीन स्त्रोत है जो पाचन को दुरुस्त करती है। ये फाइबर मल को सॉफ्ट बनाता है और आसानी से मल डिस्चार्ज करने में मदद करता है। नाशपाती पेक्टिन से भरपूर होती है ये भी एक प्रकार का घुलनशील फाइबर है जो कई तरह से फायदा पहुंचाता है। नाशपाती का सेवन करने से आंत की सेहत दुरुस्त रहती है और इम्युनिटी भी स्ट्रांग रहती है। नाशपाती में मौजूद पेक्टिन कब्ज से राहत दिलाता है।
सूजन रोधी गुण हैं मौजूद
इंफ्लामेशन एक नॉर्मल इम्यून रिस्पांस है। क्रॉनिक और लम्बे समय तक इंफ्लामेशन रहने से सेहत को नुकसान पहुंचता है। यह सूजन कुछ बीमारियों जैसे दिल के रोग और टाइप 2 डायबिटीज की वजह से हो सकती है। नाशपाती फ्लेवोनोइड्स एंटीऑक्सीडेंट का एक बेहतरीन स्रोत है, जो सूजन को कम करने में मदद करता है और बीमारी के खतरे को कम कर सकता है। नाशपाती में कई विटामिन और खनिज होते हैं जैसे कॉपर और विटामिन सी और विटामिन के जो सूजन से लड़ते हैं।
डायबिटीज के जोखिम को करती है कंट्रोल
नाशपाती का सेवन डायबिटीज के जोखिम को कम करने में मदद करता हैं। नाशपाती जैसे एंथोसायनिन युक्त फलों का सेवन करने से डायबिटीज का जोखिम कम होता है। नाशपाती के छिलके सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। इनमें मधुमेह-रोधी और सूजन-रोधी दोनों गुण मौजूद होते हैं। इसके अलावा, नाशपाती में मौजूद फाइबर पाचन को धीमा कर देता है, जिससे आपके शरीर को कार्बोहाइड्रेट को तोड़ने और अवशोषित करने के लिए अधिक समय मिलता है। नाशपाती का सेवन करने से ब्लड में शुगर का स्तर कंट्रोल रहता है।
दिल की सेहत रहती है दुरुस्त
नाशपाती दिल के रोगों के जोखिम को कम करने में मदद कर सकती है। नाशपाती के प्रोसायनिडिन एंटीऑक्सिडेंट दिल के ऊतकों में कठोरता को कम कर सकते हैं, खराब कोलेस्ट्रॉल को कम कर सकते हैं और गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ा सकते हैं। नाशपाती का सेवन छिलको सहित करके हृदय रोग के जोखिम को कम किया जा सकता है। नाशपाती का नियमित सेवन से स्ट्रोक का खतरा कम होता है।