आंवला एक ऐसा फल और औषधि है जिसका सेवन सदियों से किया जाता रहा है। इसका सेवन दवा के रूप में और हेल्दी फूड के रूप में लोग सदियों से करते हैं। नेचुरल तरीके से बीमारियों का उपचार करने में ये फल रामबाण औषधि है। आंवला, जिसे भारतीय गूसबेरी के रूप में भी जाना जाता है, सदियों से आयुर्वेदिक चिकित्सा में इसका अहम योगदान रहा है। इसकी शक्तिशाली पोषण प्रोफ़ाइल और हेल्थ बेनेफिट्स को ध्यान में रखते हुए लोगों में इसकी डिमांड ज्यादा है। कुछ लोगों को आंवले का स्वाद कसैला और कड़वा लगता है, ऐसे में अगर आंवले का सेवन उसका पानी बनाकर किया जाए तो ये सेहत पर जादुई असर करता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि आंवले का सेवन उसका पानी बनाकर किया जाए तो सेहत पर कौन-कौन से प्रभाव दिखते हैं।
खाली पेट आंवला वाटर पीने का लम्बे समय तक सेहत पर असर
कंसल्टेंट डायटीशियन और प्रमाणित डायबिटीज एजुकेटर कनिक्का मल्होत्रा ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया अगर आप रोजाना दिन की शुरुआत आंवले का पानी पीकर करते हैं तो इम्यूनिटी मजबूत होती है। स्ट्रांग इम्यूनिटी बीमारियों से बचाव करती है। विटामिन सी से भरपूर आंवला वाटर शरीर को संक्रमण और बीमारियों से बचाने में मदद करता है।
स्किन में आता है निखार
एक्सपर्ट के मुताबिक नियमित रूप से आंवला का सेवन करने से स्किन की रंगत में सुधार होता है। इसके एंटीऑक्सीडेंट गुण स्किन को चमकदार बनाते हैं। ये फ्री रेडिकल्स से लड़ते हैं और उम्र बढ़ने के संकेतों को कम करता हैं।
एनर्जी होती है बूस्ट
इसके अलावा आंवला वाटर मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है और बॉडी में पोषक तत्वों की कमी को पूरा करता है। इसका सेवन करने से एनर्जी बूस्ट होती है। ये पोषक तत्वों के अवशोषण में सहायता करके ऊर्जा के स्तर को बढ़ा सकता है जिससे पूरे दिन बॉडी को एनर्जी मिलती है।
पाचन होता है दुरुस्त
आप रोजाना आंवला वाटर पीते हैं तो पाचन दुरुस्त होता है। आंवले में ऐसे गुण मौजूद हैं जो पाचन एंजाइमों को उत्तेजित करते हैं। यह पाचन में सहायता कर सकता है। इसका सेवन करने से कब्ज और ब्लोटिंग से राहत मिलती है। पाचन से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में ये जादुई असर करता है।
ब्लड शुगर रहता है कंट्रोल
कई रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि जिन लोगों का ब्लड शुगर हाई है वो रोजाना आंवला वाटर का सेवन करें तो आसानी से ब्लड शुगर को नॉर्मल कर सकते हैँ। ब्लड शुगर को नियंत्रित करने के लिए खाली पेट आंवले का पानी पीना फायदेमंद हो सकता है।
स्किन होती है हेल्दी
आंवले में विटामिन सी मौजूद होता है जो कोलेजन का उत्पादन करने में योगदान देता है। ये पानी स्किन की लोच को बढ़ावा देता है और स्किन पर होने वाली झुर्रियों को कम करता है। आंवले का पानी रंगत को निखारने में योगदान दे सकता है।
आंवला वाटर का सेवन रोजाना करने से बॉडी में होने वाले साइड इफेक्ट
- रोजाना आंवले के पानी का सेवन करने पर कुछ दुष्प्रभाव और जोखिम हो सकते हैं। विटामिन सी से भरपूर आंवला एसिड का उत्पादन कर सकता है। खाली पेट इस पानी को पीने से कुछ लोगों को एसिडिटी, सीने में जलन, अपच और एसिड रिफ्लक्स हो सकता है। आंवले को पानी में घोलकर हल्के भोजन के बाद इसका सेवन करने से पाचन दुरुस्त रखने में मदद मिल सकती है।
- आंवला में मूत्रवर्धक प्रभाव होता है जिससे पेशाब ज्यादा आता है। इसका सेवन करने के बाद डिहाइड्रेशन हो सकता है।
- आंवला शुगर को कंट्रोल करता है इसका ज्यादा सेवन करने से ब्लड शुगर लो होने का खतरा बढ़ सकता है।
- आंवले के पानी की अम्लीय प्रकृति समय के साथ दांतों के इनेमल को नष्ट कर सकती है और दांतों को नुकसान पहुंच सकता है।
सर्दी में एक मुट्ठी चिलगोजे का सेवन करने से सेहत पर कैसा होता है असर, एक्सपर्ट से जानते हैं कि सर्दी में चिलगोजा बॉडी को कैसे गर्मी देता है। पूरी जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें।