पैदल चलना बेहद फायदेमंद होता है। यही वजह है कि हेल्थ एक्सपर्ट्स हर उम्र के लोगों को रोज वॉक करने की सलाह देते हैं। पैदल चलना एक ऐसी आसान और नेचुरल कसरत है, जिसे हर कोई अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकता है। यह न केवल दिल और दिमाग को मजबूत बनाता है, बल्कि एनर्जी बढ़ाता है, ब्लड शुगर को कंट्रोल करता है और लंबी उम्र जीने में मदद करता है, लेकिन अक्सर लोगों के मन में ये सवाल रहता है कि कितनी देर तक चलना चाहिए।

10 से 15 मिनट चलने के फायदे

न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि 10 मिनट या 60 मिनट रोजाना चलने से सेहत और शरीर पर क्या असर होता है। डॉ. कुमार के अनुसार, चलना शुरू करते ही यानी पहले 1–2 मिनट में दिल की धड़कन और ब्लड सर्कुलेशन बढ़ जाता है। मांसपेशियां गर्म हो जाती हैं और शरीर गतिविधि के लिए तैयार हो जाता है। 5 से 10 मिनट के भीतर मूड बेहतर होने लगता है और तनाव कम होता है। 10 से 15 मिनट तक चलने से ब्लड शुगर कंट्रोल में सुधार होता है। खासतौर पर अगर भोजन के बाद टहलें तो इसका असर और ज्यादा स्पष्ट होता है।

20 से 30 मिनट चलने के फायदे

अगर कोई रोजाना 20 से 30 मिनट पर चलता है तो इससे शरीर ज्यादा कैलोरी बर्न करने लगता है, जिससे वजन कंट्रोल करने और फैट कम करने में मदद मिलती है। 30 मिनट की नियमित वॉक से पाचन तंत्र बेहतर काम करता है। लंच और डिनर के बाद टहलने की आदत पेट और आंतों के स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है। इस टाइम के अनुसार वॉक करने से मेटाबॉलिज्म एक्टिव रखता है और दिनभर की थकान कम करने में मदद मिलती है।

30 से 45 मिनट चलने के फायदे

30 से 45 मिनट तक की वॉक का सीधा असर मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। इस दौरान शरीर में एंडोर्फिन और सेरोटोनिन का स्तर बढ़ जाता है, जिससे तनाव और चिंता कम होती है। व्यक्ति को बेहतर मानसिक स्पष्टता मिलती है और दिमाग ज्यादा एक्टिव तरीके से काम करता है। यह अवधि नींद की गुणवत्ता को भी बेहतर बनाती है।

45 मिनट से 1 घंटे चलने के फायदे

45 मिनट से एक घंटे की वॉक आपके शरीर और दिमाग को गहराई से प्रभावित करती है। यह शरीर में डोपामिन और अन्य फील-गुड केमिकल्स का लेवल बढ़ता है, जिससे आप ज्यादा खुश और एनर्जेटिक महसूस करते हैं। लंबे समय तक नियमित रूप से एक घंटे की वॉक करने से दिल और दिमाग दोनों स्वस्थ रहते हैं और गंभीर बीमारियों का खतरा कम होता है।

डॉ. सुधीर कुमार के मुताबिक, किसी भी समय तक चलना, न चलने से बेहतर है। चाहे आप 10 मिनट चलें या 60 मिनट इसका फायदा जरूर मिलेगा। शुरुआती लोग धीरे-धीरे वॉक की अवधि बढ़ा सकते हैं। भोजन के बाद हल्की वॉक, सुबह की सैर और शाम को टहलना, ये आदतें आपकी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद हैं।

वहीं, एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ. बिमल झाजर ने बताया अगर आपका कोलेस्ट्रॉल हाई है तो आप एनिमल फूड्स का सेवन करने से परहेज करें।