Vitamin B12 Deficiency: कई बार लोगों को इस बात का अंदाजा नहीं लगता कि उनके शरीर में किसी पोषक तत्व की कमी होती है। विटामिन बी12 भी एक ऐसा न्यूट्रिएंट है जो शरीर के लिए बेहद जरूरी होता है। लेकिन जिन लोगों में इसकी कमी हो जाती है, कई बार वो इसे समझ नहीं पाते हैं। विटामिन बी -12 एक व्यक्ति के स्वास्थ्य में एक आवश्यक भूमिका निभाता है। किसी व्यक्ति के आहार में विटामिन बी -12 की कमी उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव डाल सकता है।

आमतौर पर शाकाहारी लोगों के शरीर में इस विटामिन की कमी हो जाती है। ऐसा इसलिए क्योंकि यह पोषक तत्व मुख्य रूप से मांस, अंडे और डेयरी प्रोडक्ट्स में पाया जाता है। जानिये शरीर में इस विटामिन की कमी से क्या प्रभाव पड़ता है और कैसे करें इस कमी को पूरा –

इन बीमारियों को देता है बुलावा: विटामिन बी12 की कमी से लोग कई बीमारियों से पीड़ित हो सकते हैं। सावधानी नहीं बरतने पर ये समस्याएं गंभीर भी हो सकती हैं। इस विटामिन की कमी से लोगों के शरीर में खून कम बनने लगता है जिससे एनीमिया की परेशानी हो जाती है। इसके अलावा, इसकी कमी से हड्डियां भी कमजोर हो जाती हैं जो कि कमर दर्द और पीठ में दर्द का कारण बन सकती हैं। शरीर में विटामिन बी12 कम बनने से मस्तिष्क पर भी नकारात्मक असर पड़ता है। इससे भूलने की बीमारी भी हो सकती है जिसे डिमेंशिया कहते हैं।

प्रेग्नेंसी के दौरान विटामिन बी12 की कमी घातक: नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन के अनुसार, गर्भवती महिलाएं या स्तनपान कराने वाली माएं, जो वेजिटेरियन हों, उनमें इस विटामिन की कमी देखने को मिलती है। इस कमी को अगर समय रहते पूरा नहीं किया गया तो जच्चा-बच्चा दोनों को नुकसान होता है। इसके अलावा, महिलाओं में विटामिन बी12 की कमी से अस्थाई बांझपन की स्थिति भी आ सकती है।

कैसे करें इस कमी को पूरा: ये विटामिन मुख्य रूप से मांसाहारी भोजनों में पाया जाता है। ऐसे में लोगों को नॉन-वेजिटेरियन फूड्स को तरजीह देना चाहिए। टूना एक फैटी फिश है जिसमें पर्याप्त मात्रा में ओमेगा-3 फैटी एसिड, प्रोटीन और विटामिन बी-12 होता है जो शरीर में पोषक तत्वों की कमी को पूरा करता है।

अंडा विटामिन बी-12 का अच्छा स्त्रोत होता है। शोध से पता चला है कि अंडे की सफेदी की तुलना में अंडे की जर्दी में विटामिन बी 12 का उच्च स्तर होता है। इसके अलावा, चिकन में भी उच्च मात्रा में विटामिन बी-12 होता है। वहीं, शाकाहार लेने वाले लोग अपनी डाइट में पनीर और दूध को शामिल कर सकते हैं। रोजाना एक कप दूध आपके शरीर को लगभग 20% विटामिन बी 12 पहुंचाने में मदद कर सकता है।