लाल सुर्ख चेरी अपने रंग और स्वाद से लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है। फलों के शौकीन लोगों का ये खास फल है। स्ट्रॉबेरी के सेहत के लिए अनगिनत फायदे हैं। कई रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि स्ट्रॉबेरी का सेवन दिल से लेकर दिमाग तक की सेहत को दुरुस्त कर सकता है। बॉडी के लिए जरुरी पोषक तत्वों और स्ट्रॉन्ग एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर ये फल दिल की सेहत के लिए एक नेचुरल उपचार है। स्ट्रॉबेरी का सेवन करने से खराब कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है और दिल की सेहत ठीक रहती है।

सैन डिएगो स्टेट यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने पाया है कि प्रतिदिन स्ट्रॉबेरी की दो सर्विंग खाने से संज्ञानात्मक कार्य में सुधार होता है। इसका सेवन करने से ब्लड प्रेशर कंट्रोल रहता है। ये एक ऐसा फल है जो एंटीऑक्सीडेंट क्षमता बढ़ाने में मदद करता है। स्ट्रॉबेरी के गुणों को परखने के लिए शोधकर्ताओं ने एक रिसर्च की है। रिसर्च में शोधकर्ताओं ने 66 से 78 साल की उम्र के बीच के 35 हेल्दी पुरुषों और महिलाओं को चुना।

आठ हफ्तों के दौरान हर दिन अध्ययन में शामिल लोगों ने ताजा स्ट्रॉबेरी की दो सर्विंग के बराबर 26 ग्राम फ्रीज-सूखे स्ट्रॉबेरी पाउडर का सेवन किया। आठ सप्ताह के अंत में शोधकर्ताओं ने पाया कि जिन लोगों ने स्ट्रॉबेरी खाई उनकी संज्ञानात्मक प्रोसेसिंग स्पीड में 5.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई, उनके सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर में 3.6 प्रतिशत की कमी देखी गई। रिसर्च में ये भी देखा गया कि स्ट्रॉबेरी खाने वाले में एंटीऑक्सीडेंट क्षमता में 10.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

अपोलो हॉस्पिटल्स की मुख्य पोषण विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका रोहतगी का कहना है कि शोधकर्ताओं ने पाया है कि रोजाना स्ट्रॉबेरी की दो सर्विंग के बराबर खाने से संज्ञानात्मक कार्य में सुधार होता है, ब्लड प्रेशर कम होता है और कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है। स्ट्रॉबेरी का सेवन एंटीऑक्सीडेंट क्षमता बढ़ाने में मदद करता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि ये फ्रूट कौन-कौन सी बीमारियों का उपचार करता है और सेहत के लिए कितना फायदेमंद है।

ब्लड प्रेशर कम करता है

हाई ब्लड प्रेशर एक ऐसी बीमारी है जो दिल के रोगों का जोखिम बढ़ाता है। स्ट्रॉबेरी पोटैशियम का एक बेहतरीन स्रोत है। पोटैशियम एक ऐसा खनिज है जो रक्त वाहिकाओं को आराम देने और हृदय पर तनाव को कम करता है। जर्नल ऑफ न्यूट्रिशनल बायोकैमिस्ट्री में प्रकाशित 2019 के एक अध्ययन में पाया गया कि रोजाना स्ट्रॉबेरी का सेवन करने से मीनोपॉज के बाद हाई ब्लड प्रेशर वाली महिलाओं में सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर में कमी आती है।

कोलेस्ट्रॉल को करता है कंट्रोल

स्ट्रॉबेरी का सेवन करने से खराब कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है। LDL का ऊंचा स्तर एथेरोस्क्लेरोसिस और दिल के रोगों का जोखिम बढ़ाता है। स्ट्रॉबेरी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर हेल्दी कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बनाए रखने में मदद कर सकता हैं। ब्रिटिश जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन में शोध से पता चला है कि स्ट्रॉबेरी के नियमित सेवन से LDLकोलेस्ट्रॉल के स्तर में कमी आई, जिससे दिल की सेहत में सुधार हुआ।

एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर है ये फल

स्ट्रॉबेरी शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट जैसे एंथोसायनिन, फ्लेवोनोइड और पॉलीफेनोल्स से भरपूर होती है जो बॉडी में शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट के रूप में कार्य करते है। ये यौगिक ऑक्सीडेटिव तनाव और सूजन से लड़ते हैं, जिससे एंडोथेलियल डिसफंक्शन और एथेरोस्क्लेरोसिस का खतरा कम हो जाता है। फूड एंड फंक्शन में प्रकाशित 2017 के एक अध्ययन में पाया गया कि स्ट्रॉबेरी की एंटीऑक्सीडेंट क्षमता ने ब्लड वैसल्स के कार्य में सुधार किया जिससे दिल की सेहत में सुधार हुआ।