पेट हर दिन कड़ी मेहनत करता है और पेट का हेल्दी रहना पूरे शरीर के लिए जरूरी है, क्योंकि पेट सही तरह से साफ होगा तो शरीर को एनर्जी मिलेगी और बीमारियों से बचाव होगा। दुनियाभर में करोड़ों लोग कब्ज जैसी बीमारी से जूझ रहे हैं। पेट खुलकर साफ नहीं होना एक ऐसी परेशानी है जो आपकी ओवर ऑल हेल्थ को प्रभावित करती है। ऐसे में आंतों को प्रभावी ढंग से डिटॉक्स और साफ करने के लिए ये तीन प्रकार की ड्रिंक्स बहुत ही फायदेमंद हो सकती हैं, क्योंकि डिटॉक्सिफाइड आंत बेहतर पाचन, प्रतिरक्षा यानी इम्यूनिटी बूस्ट और मूड को अच्छा बनाने के लिए फायदेमंद होता है।
भारतीय योग गुरु, लेखक, शोधकर्ता और टीवी पर्सनालिटी डॉक्टर हंसा योगेंद्र के मुताबिक, आंतों की सफाई करने के लिए खानपान में सुधार करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि सालों से आंतों में मौजूद गंदगी दर्द और तकलीफ का कारण बन सकती है। आंतों की गंदगी स्किन के रोगों से लेकर कैंसर की बीमारी तक का कारण बन सकती है।
आंतों की सफाई के लिए ड्रिंक्स
- ग्रीन टी
- गर्म नींबू पानी
- एलोवेरा जूस
हरी चाय
ग्रीन टी एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती है और इसमें प्राकृतिक रूप से डिटॉक्सिफाइंग गुण होते हैं। इसमें कैटेचिन होते हैं, जो लिवर के कामकाज में मदद करते हैं और आंत के स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं। नियमित रूप से ग्रीन टी पीने से पेट फूलने की समस्या कम होती है और आपकी आंत में अच्छे बैक्टीरिया का संतुलन बेहतर होता है।
गर्म नींबू पानी का सेवन
दिन की शुरुआत एक गिलास गर्म नींबू पानी से करें। यह आपके पेट को साफ करने के लिए बहुत असरदार हो सकता है। नींबू में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं, जो टॉक्सिन को बाहर निकालने और पाचन में सुधार करने में मदद करते हैं। गर्म पानी पाचन तंत्र को उत्तेजित करता है, जिससे आपके शरीर के लिए पूरे दिन पोषक तत्वों को अवशोषित करना आसान हो जाता है। एक अध्ययन के मुताबिक, जीवन भर नियमित रूप से नींबू का सेवन करने से पेट की हेल्थ और उम्र बढ़ने पर काफी प्रभाव पड़ सकता है। नींबू पानी का सेवन आप सुबह खाली पेट करें।
एलोवेरा जूस
एलोवेरा जूस पेट की सफाई करने वाले गुणों के लिए जाना जाता है। यह पाचन तंत्र से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद कर सकता है और स्वस्थ आंत बैक्टीरिया के विकास को बढ़ावा देता है। एलोवेरा जूस को सीमित मात्रा में पीने से सूजन भी कम हो सकती है और मल त्याग में सुधार हो सकता है।
वहीं, सर्दियों के मौसम में एबीसी जूस यानी सेब, चुकंदर और गाजर का जूस सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है। डाइटिशियन कामिनी सिन्हा ने ABC जूस के फायदे बताए हैं।