नारियल पानी का सेवन साल भर और किसी भी मौसम में किया जा सकता है। नारियल पानी को अक्सर सबसे हेल्दी ड्रिंक माना जाता है। इसमें इलेक्ट्रोलाइट्स, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जिससे शरीर हाइड्रेट और एनर्जेटिक रहता है। गर्मी के मौसम में लोग इसे खूब पीना पसंद करते हैं, लेकिन कुछ लोगों के लिए नारियल पानी फायदेमंद की जगह नुकसानदायक हो सकता है। आयुर्वेद और साइंस दोनों ही मानते हैं कि कुछ खास लोगों को इसका सेवन नुकसान भी पहुंचा सकता है।
न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह के मुताबिक, नारियल पानी हाइड्रेशन और एनर्जी के लिए सबसे बेहतरीन ड्रिंक माना जाता है। डॉक्टर भी कई बीमारियों में नारियल पानी पीने की सलाह देते हैं। बारिश के मौसम में मच्छर जनित बीमारियां जैसे- डेंगू, मलेरिया या चिकनगुनिया आदि में नारियल पानी पीने की सलाह दी जाती है, लेकिन सभी के लिए नारियल पानी सही नहीं होता, कुछ लोगों पर इसका असर उलटा पड़ सकता है।
डायबिटीज के मरीज
ब्लड शुगर के मरीजों को नारियल पानी से परहेज करना चाहिए, क्योंकि नारियल पानी में प्राकृतिक शुगर पाई जाती है। अगर, इसे ज्यादा मात्रा में पिया जाए तो डायबिटीज के मरीजों में ब्लड शुगर लेवल अचानक बढ़ सकता है, जो डायबिटीज के मरीजों के लिए हानिकारक हो सकता है। ऐसे में शुगर के मरीजों को डॉक्टर की सलाह के बिना नारियल पानी पीने से बचना चाहिए।
लो ब्लड प्रेशर वाले लोग
लो ब्लड प्रेशर वाले लोगों के लिए नारियल का पानी हानिकारक हो सकता है। दरअसल, नारियल पानी ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करता है, लेकिन जिन लोगों का ब्लड प्रेशर पहले से ही कम रहता है, उनके लिए यह नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में नारियल पानी पीने से चक्कर आना, कमजोरी और थकान जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
किडनी के मरीज
जिन लोगों को किडनी से जुड़ी समस्या होती है, उन्हें नारियल का पानी नहीं पीना चाहिए। नारियल पानी में पोटैशियम की मात्रा काफी ज्यादा होती है और किडनी मरीजों के लिए ज्यादा पोटैशियम खतरनाक हो सकता है। जिन लोगों की किडनी पहले से सही से काम नहीं करती, तो ऐसे में किडनी अतिरिक्त पोटैशियम को बाहर निकालने में सक्षम नहीं होती। इससे हाइपरकलेमिया जैसी समस्या हो सकती है, जिसमें दिल की धड़कन अनियमित हो जाती है।
एलर्जी
जिन लोगों को एलर्जी की समस्या होता है, उन्हें भी नारियल पानी के सेवन से बचने की सलाह दी जाती है। इसके सेवन से खुजली और रेडनेस जैसी अन्य त्वचा समस्याएं हो सकती हैं।
पेट और पाचन संबंधी समस्याएं वाले
नारियल पानी ठंडी तासीर वाला माना जाता है, जिन लोगों का पेट कमजोर है या जिन्हें बार-बार डायरिया, गैस या पेट फूलने की शिकायत रहती है, उनके लिए इसका सेवन परेशानी बढ़ा सकता है। नारियल पानी में मौजूद FODMAPs और फाइबर कुछ लोगों में पेट फूलने, गैस बनने, दस्त या कब्ज का कारण बन सकते हैं।
वहीं, पंजीकृत आहार विशेषज्ञ केली मैकग्रेन ने वेजिटेरियन लोगों के लिए प्रोटीन से भरपूर फूड्स बताए हैं, जिनके सेवन से सेहत को कई फायदे मिल सकते हैं।