आजकल हम अक्सर अचानक हार्ट अटैक जैसी खबरें सुनते रहते हैं, लेकिन हार्ट कभी अचानक फेल नहीं होता। यह हमारे शरीर को पहले ही कुछ संकेत दे देता है। ऐसे में समस्या यह है कि हम उन संकेतों को पहचान नहीं पाते। हम उन लक्षणों को थकान, गैस, अपच या तनाव समझ कर अनदेखा कर देते हैं और फिर आगे चलकर ये गंभीर समस्या का कारण बन जाती है। हार्ट रोग न सिर्फ बुजुर्गों के लिए एक गंभीर खतरा है, बल्कि अब युवाओं के लिए भी बढ़ता खतरा है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्ल्यूएचओ के अनुसार, दुनिया भर में हर साल 17.9 मिलियन लोग हार्ट की बीमारी से मरते हैं। कई अध्ययनों से पता चलता है कि हर पांच में से 4 मौतें दिल के दौरे के कारण होती हैं। दिल का दौरा अचानक और एकदम आता है, लेकिन दिल का दौरा पड़ने से पहले शरीर कुछ संकेत देता है। समय रहते इनका पता लगाकर आप अपनी जान बचा सकते हैं।

सीने में बेचैनी या दबाव

दिल के दौरे का सबसे आम और पहचाना जाने वाला लक्षण सीने में दबाव, जलन या जकड़न का एहसास है। कुछ लोगों को ऐसा लगता है जैसे बीच में कोई पत्थर रख दिया गया हो, तो कुछ को सुई चुभने जैसा। यह कुछ सेकंड के लिए रुक सकता है और फिर बढ़ सकता है। कई बार लोग इसे गैस या अपच समझ लेते हैं, लेकिन इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खासकर 30 से ज्यादा उम्र के लोगों को इस लक्षण को हल्के में नहीं लेना चाहिए, क्योंकि यह दिल के दौरे का पहला संकेत हो सकता है।

सांस लेने में परेशानी

अगर आपको थोड़ी देर चलने, सीढ़ियां चढ़ने या बस बैठे रहने पर भी सांस फूलने लगती है, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि आपका हार्ट ठीक से रक्त पंप नहीं कर रहा है। इसका मतलब है कि आपके शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल रही है और आपको अचानक कमजोरी, चक्कर आना या पसीना आना महसूस हो सकता है। यह एक आम शिकायत है, खासकर महिलाओं में, लेकिन यह एक गंभीर चेतावनी संकेत भी हो सकता है।

पाचन संबंधी शिकायतें और उल्टी

बहुत से लोग पाचन और हार्ट रोग के बीच संबंध को लेकर असमंजस में रहते हैं, लेकिन महिलाओं में हार्ट रोग के लक्षण हमेशा पारंपरिक तरीके से नहीं देखे जाते। हम उल्टी, डकार, पेट फूलना या सीने में जलन को गैस समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। दरअसल, ये हृदय रोग के हल्के लेकिन गंभीर लक्षण हो सकते हैं।

शरीर के अन्य भागों में दर्द या सुन्नता

दिल का दर्द सिर्फ सीने में ही नहीं होता। यह अक्सर बाएं कंधे, बांह, पीठ, गर्दन या जबड़े तक फैल जाता है। कभी-कभी यह हाथों में सुन्नता या झुनझुनी के रूप में भी महसूस हो सकता है। यह एक रेफरेड पेन है, जिसका अर्थ है कि मूल समस्या दिल में है, लेकिन दर्द कहीं और महसूस होता है। लोग अक्सर इस लक्षण को नजरअंदाज कर देते हैं और यही इसे खतरनाक बनाता है।

इसके अलावा सुबह उठते ही कुछ लक्षण दिखाई देने पर भी हार्ट अटैक और स्ट्रोक की संभावना अधिक हो जाती है, इन साइन को भी इग्नोर करना आपके लिए भारी पड़ सकता है।