आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में पेट से जुड़ी समस्याएं बहुत ही आम हो चुकी हैं। बदलते मौसम के साथ ही पेट में गैस, कब्ज, एसिडिटी और अपच आदि की समस्या लोगों को बहुत परेशान करती है। इसका सबसे मुख्य कारण खानपान और अनहेल्दी लाइफस्टाइल है। खानपान में किसी भी तरह की गड़बड़ी सीधा सेहत को प्रभावित करती है, जिससे पाचन संबंधी समस्याएं बढ़ जाती हैं और शरीर में एनर्जी लेवल कम होने लगता है। आदर्श आयुर्वेदिक फार्मेसी, हरिद्वार में आयुर्वेदिक एक्सपर्ट वैध दीपक कुमार ने बताया कि पाचन तंत्र क्यों खराब हो जाता है और इससे निजात पाने के लिए क्या करना चाहिए।

क्यों होता है पाचन तंत्र खराब?

आयुर्वेदिक एक्सपर्ट वैध दीपक कुमार के मुताबिक, खराब खानपान, फिजिकल एक्टिविटी और कामकाज में व्यस्तता के चलते पाचन तंत्र गड़बड़ा जाता है। जिसका असर पूरी हेल्थ पर पड़ता है। पाचन तंत्र को सही बनाए रखने के लिए कुछ जरूरी चीजों का ध्यान रखना आवश्यक है। चलिए आपको बताते हैं किन कारणों से पाचन तंत्र खराब होता है और इससे कैसे बचाव किया जा सकता है।

  • जंक फूड, अधिक मसालेदार या फैट युक्त भोजन और फाइबर की कमी वाला आहार पाचन तंत्र को प्रभावित कर सकता है।
  • अधिक तनाव पाचन क्रिया को धीमा कर सकता है और अपच, गैस, और कब्ज जैसी समस्याओं को बढ़ा सकता है।
  • नियमित व्यायाम न करने से आंतों की गति कम हो सकती है, जिससे कब्ज और अन्य पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
  • शरीर में पर्याप्त पानी न होने से मल सख्त हो सकता है, जिससे कब्ज और अन्य पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
  • कुछ दवाएं, जैसे कि एंटीबायोटिक, पाचन तंत्र को प्रभावित कर सकती हैं।

फाइबर से भरपूर भोजन करें

हेल्दी पाचन तंत्र के लिए फाइबर से भरपूर भोजन करें। रोजाना फाइबर युक्त भोजन करना पाचन के लिए अच्छा होता है। आयुर्वेद के मुताबिक, अगर आपका पेट ठीक है तो आपके वात, पित्त और कफ बैलेंस रहते हैं। पाचन में मदद के लिए अपने आहार में फाइबर युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करें, जैसे कि फल, सब्जियां, साबुत अनाज, दालें, और बीन्स, क्योंकि ये फाइबर का अच्छा स्रोत हैं और पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करते हैं।

अजवाइन का सेवन

पाचन संबंधी समस्या से परेशान लोगों को अजवाइन का सेवन करना चाहिए। एक चम्मच अजवाइन को हल्का सा भून लें और उसमें एक चुटकी हींग, एक चुटकी काला नमक मिलाएं। इन तीनों चीजों को मिक्स करके सेवन करने पर पाचन संबंधी समस्याओं से छुटकारा मिल जाएगा। इससे गैस, एसिडिटी और अपच से राहत दिलाने में असरदार है।

खाने के बाद सौंफ और मिश्री खाएं

खाने के बाद सौंफ और मिश्री का सेवन पाचन को बेहतर बनाने, गैस और एसिडिटी से राहत देने और मुंह की दुर्गंध को दूर करने में मदद करता है। अगर आप गैस एसिडिटी और अपच से परेशान हैं तो खाने के बाद सौंफ और मिश्री का सेवन करें। सौंफ का सेवन पानी में उबालकर चाय की तरह करना भी फायदेमंद होता है।

अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल में जनरल सर्जरी एंड गैस्ट्रोएंटरोलॉजी डॉ. साद अनवर  ने बताया कि गर्मियों के मौसम में शरीर को हाइड्रेटेड और कूल रखना बहुत जरूरी है, जिससे लू, डिहाइड्रेशन, पेट की समस्याएं और कमजोरी से बचा जा सके।