खराब खानपान और अनहेल्दी लाइफस्टाइल के चलते शरीर के अंग प्रभावित होने लगते हैं, जिसके चलते कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा अधिक बढ़ जाता है। जिसमें लिवर से जुड़ी समस्याएं भी बहुत आम हो गई हैं। लिवर शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है, जो शरीर के लिए बहुत आवश्यक कार्य करता है। ऐसे में लिवर का हेल्दी रहना बहुत ही आवश्यक है। इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बाइलरी साइंसेज नई दिल्ली के डायरेक्टर, डॉ. सरीन ने लिवर के लिए कुछ सुपरफूड्स बताए हैं, जो लिवर के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। इनके सेवन से लिवर के साथ-साथ कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा भी कम हो जाता है।
डॉ. सरीन ने बताया कि लिवर का सबसे मुख्य काम शरीर में खून को साफ कर विषाक्त पदार्थों यानी टॉक्सिन को निकालना है। इसके अलावा लिवर अगर हेल्दी बना रहता है तो कई बीमारियों का खतरा भी कम हो जाता है। लिवर पाचन तंत्र, डिटॉक्सिफिकेशन और मेटाबॉलिज्म का मुख्य अंग है। लिवर ब्लड शुगर के लेवल को कंट्रोल करने के साथ-साथ खून के थक्के को कंट्रोल करता है। जब लिवर बीमार या क्षतिग्रस्त हो जाता है, तो सेहत भी बिगड़ने लगती है। इसके चलते ही कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। चलिए आपको बताते हैं लिवर की हेल्थ के लिए किन फूड्स का सेवन फायदेमंद होता है।
लहसुन
लहसुन लिवर के लिए काफी फायदेमंद होता है। इसमें एलिसिन और सेलेनियम जैसे कई अन्य मिश्रण होते हैं, जो लिवर को डिटॉक्स करने और स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। लहसुन में एंटीऑक्सीडेंट भी होते हैं, जो लिवर को ऑक्सीडेटिव क्षति से बचाते हैं। रोजाना सुबह खाली पेट लहसुन की 1-2 कच्ची कलियां चबाएं, इसके लिवर के साथ-साथ कई बीमारियों से भी बचाव होगा।
हरी पत्तेदार सब्जियां
हरी पत्तेदार सब्जियां लिवर के लिए बहुत फायदेमंद होती हैं, क्योंकि ये एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती हैं और लिवर को डिटॉक्स करने में मदद करती हैं। पालक, मेथी, सरसों या धनिया जैसे साग क्लोरोफिल से भरपूर होते हैं, जो खून और लिवर की सफाई करते हैं। नियमित रूप से हरी सब्जियों का सेवन करने से स्वास्थ्य को बहुत फायदे मिलते हैं।
हल्दी
हल्दी लिवर के लिए फायदेमंद होती है, क्योंकि इसमें करक्यूमिन नामक एक यौगिक होता है जो सूजनरोधी और एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर होता है। यह लिवर में सूजन और ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करने में असरदार होती है। इससे नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर रोग और अन्य लिवर संबंधी बीमारियों से राहत मिलती है। रोज रात को हल्दी वाला दूध या गुनगुने पानी में 1/2 चम्मच हल्दी लेना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होगा।
ग्रीन टी
लिवर की हेल्थ के लिए ग्रीन टी को फायदेमंद माना जाता है। ग्रीन टी लिपिड मेटाबॉलिज्म को कंट्रोल करने में मदद करती है, जिससे लिवर में फैट जमा होने से रोकने में मदद मिलती है। ग्रीन टी के सेवन से एचसीसी, फैटी लिवर रोग, हेपेटाइटिस, लिवर सिरोसिस और पुरानी बीमारी के जोखिम को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
एवोकाडो
एवोकाडो लिवर की हेल्थ को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। एवोकाडो रक्त लिपिड या वसा को कम करने में मदद कर सकता है और नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर रोग (एनएएफएलडी) वाले लोगों में लिवर की क्षति को रोकने में मदद कर सकता है। ये ग्लूटाथियोन नामक तत्व से भरपूर होता है, जो लिवर को डिटॉक्स एंजाइम बनाने में मदद करता है। इसे हफ्ते में 2-3 बार सलाद या स्मूदी में के रूप में लेना लाभकारी होता है।
जो भी आप खाते हैं वो पेट में भरा रहता है तो इन 2 चीजों से बढ़ाएं हाज़मा, ब्लोटिंग और गैस से मिलेगा छुटकारा, एक्सपर्ट से जानिए कैसे। पूरी जानकारी के लिए आप लिंक पर क्लिक करें।