शरीर में कोलेस्ट्रॉल की समस्या शुरुआत में बहुत धीरे-धीरे बढ़ती है, इसलिए कई लोगों को इसका पता भी नहीं चलता, लेकिन जब एक बार किसी के खून में कोलेस्ट्रॉल का लेवल बढ़ जाता है तो ये हार्ट अटैक, स्ट्रोक और कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। इसके अलावा शरीर में हाई कोलेस्ट्रॉल के कारण ब्लड सर्कुलेशन संबंधी समस्याएं, थकान, वजन बढ़ना और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक, शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल एक दिन में नहीं बढ़ता, बल्कि ये धीरे-धीरे धमनियों को ब्लॉक करना शुरू करता है, जिसका सबसे बड़ा कारण कुछ ऐसी आदतें जैसे अनहेल्दी लाइफस्टाइल और खराब खानपान होता है।

हालांकि, कोलेस्ट्रॉल को दवा की जरूरत पड़ने से पहले ही कुछ प्राकृतिक चीजों को आहार में शामिल करके कंट्रोल किया जा सकता है। जिनके सेवन से न सिर्फ हार्ट हेल्थ को फायदा मिलेगा, बल्कि ये कई स्वास्थ्य समस्याओं में भी उपयोगी हैं। एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ. बिमल झांजर ने बताया कि किन 5 प्राकृतिक फूड्स का सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल लेवल को कंट्रोल किया जा सकता है।

डार्क चॉकलेट

डार्क चॉकलेट में प्राकृतिक फ्लेवोनोइड्स होते हैं, जो कोलेस्ट्रॉल कम करने में मदद करते हैं। इसका लाभ उठाने के लिए 70% या उससे अधिक कोको वाली डार्क चॉकलेट चुनना जरूरी है। अपने मीठे स्वाद के बावजूद अगर इसे सीमित मात्रा में खाया जाए तो यह हार्ट के लिए फायदेमंद हो सकती है।

सूखे मेवे

बादाम , अखरोट और पिस्ता जैसे सूखे मेवे हेल्दी फैट, प्रोटीन और फाइबर का एक बड़ा स्रोत हैं। ये रक्त वाहिकाओं के स्वास्थ्य में सुधार करते हैं, सूजन कम करते हैं और स्वाभाविक रूप से कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कम करते हैं। रोजाना मुट्ठी भर सूखे मेवे खाने से हार्ट स्वास्थ्य को बनाए रखने में काफी मदद मिल सकती है।

फल

सेब , संतरे, स्ट्रॉबेरी और अंगूर जैसे फल घुलनशील फाइबर से भरपूर होते हैं। यह फाइबर आंतों में कोलेस्ट्रॉल के अवशोषण को कम करके कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कम करने में मदद करता है। इसके अलावा फलों में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर में कोशिका क्षति को रोकते हैं और प्रतिरक्षा प्रणाली यानी इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं।

एवोकाडो

एवोकाडो एक खास फल है, जो मोनोअनसैचुरेटेड फैट से भरपूर होता है, जो रक्त में खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने और अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में मदद करता है। इसमें पोटैशियम, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भी होते हैं, जो हार्ट की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। इसे सलाद, स्मूदी या सैंडविच में शामिल करके आप स्वाद और सेहत दोनों का लाभ उठा सकते हैं।

सोया उत्पाद

सोया दूध, टोफू और सोया चंक्स जैसे खाद्य पदार्थों में उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन होता है, जो खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है। इनका नियमित सेवन हृदय स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। ये शाकाहारियों के लिए प्रोटीन का एक बेहतरीन स्रोत हैं और इनमें वसा की मात्रा कम होती है, जिससे वजन नियंत्रण में भी मदद मिलती है।

वहीं, NCBI में प्रकाशित एक शोध के मुताबिक, लिवर को हेल्दी रखने के लिए विटामिन ए और विटामिन डी की पर्याप्त मात्रा शरीर में जरूर होनी चाहिए।