आजकल की भागदौड़ भरे लाइफस्टाइल के चलते खानपान पूरी तरह से बदल चुका है। जिसका सबसे पहले पेट पर असर पड़ता है और पाचन संबंधी समस्याएं बहुत आम हो गई है। जिसका सबसे बड़ा कारण गलत खानपान, समय पर खाना न खाना, व्यायाम की कमी और तनाव आदि है। इन सबका सीधा असर पाचन तंत्र पर पड़ता है और कई लोग गैस, अपच, भारीपन और कब्ज जैसी समस्याओं से लगातार जूझते रहते हैं। हालांकि, पाचन से जुड़ी समस्याओं से राहत पाने के लिए कुछ प्राकृतिक फलों का सेवन बहुत लाभकारी साबित हो सकते हैं। गैस्ट्रो लिवर हॉस्पिटल कानपुर के एमडी, डॉक्टर वीके मिश्रा ने पेट से जुड़ी समस्याओं से राहत पाने के लिए कुछ जरूरी फल बताए हैं।

डॉक्टर वीके मिश्रा के मुताबिक, पेट से जुड़ी समस्या को हल्के में नहीं लेना चाहिए। आमतौर पर लोग कब्ज को मामूली समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन ये आगे चलकर बवासीर या फिशर जैसी गंभीर समस्या का कारण बन सकती है। कब्ज से राहत पाने के लिए फाइबर से भरपूर फलों का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। इससे पेट साफ रखने में काफी मदद मिलती है।

पपीता

पपीता पाचन के लिए एक प्राकृतिक औषधि है। इसमें पपेन नामक एक एंजाइम होता है, जो भोजन को उसके आणविक घटकों में तोड़ने में मदद करता है और पाचन को आसान बनाता है। जब पेट में बेचैनी, भारीपन या भूख लगने पर भी कुछ खाने का मन न करे, तो पपीते का सेवन तुरंत आराम पहुंचाता है। यह कब्ज की समस्या को दूर करता है और आंतों में रिसाव को रोकता है।

साइट्रस

खट्टे फल हल्के अम्लीय फल होते हैं, जो शरीर को हाइड्रेट करते हैं और एसिडिटी को कम करते हैं। सुबह उठकर खाली पेट खट्टे फलों का जूस या गूदा पीते हैं, तो यह आपकी आंतों को सक्रिय करता है और आपके पाचन को बढ़ावा देता है। इसमें मौजूद विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट शरीर से विषाक्त पदार्थों यानी टॉक्सिन को बाहर निकालने में मदद करते हैं।

सेब

सेब में पेक्टिन नामक एक खास तरह का फाइबर होता है, जो धीरे-धीरे पचता है और आंतों की गति को सुचारू रखता है। इस फल का नियमित सेवन पेट साफ रखता है, गैस और अपच से बचाता है और शरीर को एनर्जी प्रदान करता है।

अनानास

अनानास खाने के तुरंत बाद आपको हल्कापन महसूस होता है, इसका कारण इसमें मौजूद ब्रोमेलैन नामक एंजाइम है। यह एंजाइम प्रोटीन को आणविक भागों में तोड़ता है और पाचन क्रिया को सुगम बनाता है। अनानास खाने से खासकर भारी भोजन के बाद पेट भारी नहीं लगता। इसमें पानी की मात्रा अधिक होने के कारण, यह शरीर को हाइड्रेटेड रखता है और मल त्याग सुचारू रूप से होता है।

अमरूद

अमरूद एक ऐसा फल है, जिसे बहुत से लोग नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन इसके स्वास्थ्य लाभ अपार हैं। इसमें फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो आपको लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है और ज्यादा खाने से रोकता है। अमरूद खाने से पाचन क्रिया बेहतर होती है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन सी पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं।

वहीं, एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ. बिमल झाजर ने बताया अगर आपका कोलेस्ट्रॉल हाई है तो आप एनिमल फूड्स का सेवन करने से परहेज करें।