बरसात का मौसम गर्मी से राहत दिलाने में असरदार साबित होता है। इस मौसम में इम्युनिटी कम होने लगती है और बीमार होने के असार ज्यादा रहते हैं। मानसून में अगर खान-पान का ध्यान नहीं रखा जाए तो कई बीमारियों का खतरा बढ़ने लगता है। बरसात में पाचन से जुड़ी बीमारियां बेहद असर करती है। अगर ठीक डाइट नहीं ली जाए तो पेट में संक्रमण और गैस्ट्रोएंटेराइटिस जैसे संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ने लगता है। इस मौसम में बीमारियों का होना आम बात है, क्योंकि भारी बारिश और जलभराव से पानी और खाना दूषित होने का खतरा अधिक रहता है।
सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट और मशहूर डायटिशन रुजुता दिवेकर के मुताबिक जब सीजन में बदलाव होते हैं तो डाइट में भी कुछ बदलाव करना चाहिए। एक्सपर्ट ने बताया कि बरसात के मौसम में दो सब्जियों का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए। प्याज और लहसुन दो गर्म तासीर की सब्जियां हैं जो बरसात में आपको बीमार कर सकती हैं। इन सब्जियों का सेवन करके आप अपने पाचन को बिगाड़ सकते हैं।
प्याज और लहसुन दो ऐसी सब्जियां हैं जो सेहत के लिए बेहद उपयोगी हैं,लहसुन एक ऐसी रेमेडी है जो कई क्रॉनिक बीमारियों जैसे बीपी और शुगर का इलाज करता है। प्याज का सेवन करने से इम्युनिटी स्ट्रॉन्ग होती है और हड्डियां मजबूत होती हैं। दिल को हेल्दी रखने में प्याज का सेवन असरदार होता है। फाइबर से भरपूर प्याज का सेवन सेहत के लिए जितना फायदेमंद है उतना ही मौसम बदलने पर नुकसानदायक भी है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि प्याज और लहसुन का सेवन कैसे बरसात में सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है।
मॉनसून में प्याज से परहेज करें वरना बढ़ सकती है मुसीबत
प्याज का सेवन बरसात में करेंगे तो आपके पाचन पर इसका बुरा असर पड़ेगा। बरसात में प्याज खाने से गैस, सीने में जलन, उल्टी और ब्लोटिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इस मौसम में अगर आप प्याज का सेवन करना चाहते हैं तो उसे पकाकर करें कच्चा नहीं करें। प्याज में पर्याप्त मात्रा में सल्फर मौजूद होता है जो बहुत गर्म होता हैं। प्याज का सेवन करने से पेट में गर्मी बढ़ने लगती है और पाचन बिगड़ने लगता है। रुजुता दिवेकर ने सलाह दी है कि बरसात में सेहतमंद रहने के लिए प्याज से दूर रहें।
लहसुन बिगाड़ सकता है आपकी सेहत
योगा इंस्टीट्यूट की डायरेक्टर और टीवी की जानी-मानी हस्ती डॉ हंसाजी योगेंद्र भी इस बात से सहमत हैं कि बरसात में लहसुन का सेवन नहीं करना चाहिए। लहसुन एक ऐसा हर्ब्स है जो औषधीय गुणों से भरपूर होता है। लहसुन का सेवन करने से बीपी और शुगर का स्तर नॉर्मल रहता है लेकिन बदलते मौसम में इसकी गर्म तासीर आपकी सेहत के ग्राफ को बिगाड़ सकती है।
इन 4 कारणों की वजह से लहसुन और प्याज से बरसात में बनाएं दूरी
- प्याज और लहसुन में मौजूद प्रॉपर्टी शरीर के लिए बेहद फायदेमंद होती हैं लेकिन बरसात में इसका सेवन बॉडी पर उल्टा असर करता है। इसका सेवन करने से उल्टी,दस्त की परेशानी हो सकती है।
- बरसात में कच्चा लहसुन और प्याज हेल्दी बैक्टीरियां को नुकसान पहुंचाता है। इस मौसम में कच्चा प्याज और लहसुन के साथ हानिकारक बैक्टीरियां पेट में चले जाते हैं जो आंतों में मौजूद हेल्दी बैक्टीरिया को नुकसान पहुंचाते हैं।
- प्याज और लहसुन में बहुत अधिक सल्फर मौजूद होता है जो बॉडी हीट को बढ़ाता हैं। इसका सेवन करने से पेट में गर्मी पैदा होती है।
- बरसात में गर्म तासीर की ये दोनों सब्जियां गुस्सा और एंग्जाइटी को बढ़ाती हैं। प्याज और लहसुन का सेवन करने से दिमागी क्षमता भी प्रभावित होती है।
