दिनभर की भागदौड़, तनाव और गलत खानपान के कारण आजकल दिल की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। थकान, तनाव, गलत आदतें और ब्लड प्रेशर व कोलेस्ट्रॉल का बढ़ना ये सभी चीजें धीरे-धीरे दिल को प्रभावित करती हैं। इनके चलते ही हार्ट अटैक का खतरा भी बढ़ जाता है। दरअसल, दिल हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है, इसलिए इसको हेल्दी बनाए रखना बेहद जरूरी है और इसके लिए डेली डाइट में कुछ प्राकृतिक चीजों को शामिल करें। इन सभी फलों के सेवन से न सिर्फ दिल की हेल्थ अच्छी होगी, बल्कि सेहत को भी कई फायदे मिलेंगे।

एक्सपर्ट के अनुसार, कुछ फल ऐसे हैं जो दिल के लिए अमृत के समान हैं। ये फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर होते हैं, जो धमनियों में प्लाक को कम करते हैं, ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करते हैं और कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखते हैं। इसलिए रोजाना डाइट में इन खास फलों को शामिल करने से दिल मजबूत रहता है और दिल की बीमारियों का खतरा टलता है।

सेब

हार्वर्ड हेल्थ के अनुसार, सेब हार्ट के लिए सबसे अच्छा फल माना जाता है। इसमें पेक्टिन नामक घुलनशील फाइबर होता है, जो शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है। इसके साथ ही सेब में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट धमनियों में सूजन को कम करते हैं। रोजाना एक सेब खाने से हृदय स्वस्थ रहता है और हार्ट रोग का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।

संतरे

कनाडा के हार्ट एंड स्ट्रोक फाउंडेशन के अनुसार, संतरे विटामिन सी और फ्लेवोनोइड्स से भरपूर होते हैं, जो हृदय के लिए फायदेमंद होते हैं। यह फल ब्लड प्रेशर कम करने और धमनियों की लोच बनाए रखने में मदद करता है। रोजाना संतरा खाने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, शरीर को एनर्जी मिलती है और लंबे समय तक हार्ट हेल्थ बनी रहती है।

अंगूर
अंगूर में मौजूद पॉलीफेनॉल्स हार्ट के लिए अच्छे होते हैं। ये ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने और खराब कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कम करने में मदद करते हैं। अंगूर के नियमित सेवन से हार्ट रोग का खतरा कम होता है और ये मस्तिष्क और हड्डियों के लिए भी फायदेमंद होते हैं।

पपीता

पपीते में एंटीऑक्सीडेंट और जरूरी विटामिन होते हैं, जो हृदय स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होते हैं। यह फल कोलेस्ट्रॉल कम करने और पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है। पपीते के नियमित सेवन से शरीर हल्का महसूस करता है, तरोताजा रखता है और हार्ट को हेल्दी रखता है।

अनार

अनार को हार्ट के लिए अमृत माना जाता है। इसमें मौजूद पॉलीफेनॉल्स ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने में मदद करते हैं। अनार खाने से रक्त वाहिकाएं साफ रहती हैं और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। रोजाना अनार खाने की आदत डालने से हृदय रोग, स्ट्रोक और एनजाइना जैसी बीमारियों का खतरा कम हो जाता है।

वहीं, एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ. बिमल झाजर ने बताया अगर आपका कोलेस्ट्रॉल हाई है तो आप एनिमल फूड्स का सेवन करने से परहेज करें।