दिल हमारी बॉडी का सबसे अहम अंग है। दिलका धड़कना हमारे ज़िंदा रहने का सबूत है। दिल की धड़कने हमेशा धड़कती रहे इसके लिए दिल का ख्याल रखना बेहद जरूरी है। दिल की अच्छी सेहत के लिए हेल्दी डाइट का सेवन बेहद जरूरी है। खराब खान-पान आपके दिल को बीमार कर सकता है। दिल में कुछ भी परेशानी होने पर बॉडी में उसके लक्षण दिखने लगते हैं। दिल की बीमारियों के लक्षणों की बात करें तो इसकी वजह से सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, जलन या तेज धड़कन,सिर घूमना जैसे लक्षण ही सामने आते हैं। आप जानते हैं कि दिल की सेहत में खराबी होने पर पैरों में भी उसके लक्षण दिखने लगते हैं। दिल के रोग होने पर पैरों में सूजन आने लगती है। हालांकि पैरों में सूजन कई कारणों से आती है,इस सूजन को दूर करने के लिए डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। आइए जानते हैं कि दिल के रोग होने पर पैरों में कौन-कौन से लक्षण दिखते हैं।

कंजेस्टिव हार्ट फेल्योर क्या है?

कंजर्वेटिव हार्ट फेलियर एक लंबे समय तक चलने वाली बीमारी है। इस बीमारी में आपका दिल पर्याप्त खून पंप नहीं कर पाता। इस स्थिति में दिल तो काम करता है लेकिन वो रक्त की मात्रा को संभाल नहीं सकता। आपके शरीर के अन्य हिस्सों में रक्त का निर्माण होता है। समय के साथ आपके लंग्स और पैरों में ब्लड और तरल पदार्थ जमा हो जाते हैं जिससे पैरों में सूजन आने लगती है।

पैरों और टखनों में सूजन आना:

जब कंजेस्टिव हार्ट फेलियर होता है तो दिल के एक या दोनों लोअर चैंबर खून को ठीक से पंप करना बंद कर देते हैं और ब्लड फ्लों धीमा हो जाता है और पैरों, टखनों की नसों में वापस आ जाता है और एडीमा हो जाता है। एडीमा बॉडी के टिशू में बहुत अधिक तरल पदार्थ जमने के कारण होता है।

पैरों में सूजन कैसे दिखती है:एडीमा के लक्षणों की पहचान समय पर कर ली जाए तो उसका उपचार करने में मदद मिलती है। वेरीवेल हेल्थ के अनुसार पेरिफेरल एडिमा के शुरुआती लक्षणों की बात करें तो

  • एडीमा की वजह से पैर भारी लगने लगते हैं।
  • पैरों का निचला हिस्सा सूजा हुआ दिखता है।
  • सूजन को दबाने से उसमें गड्ढा आने लगता है
  • आपके मोज़े, लेगिंग या जींस तंग होने लगती हैं और आप असहज महसूस करने लगते हैं।
  • पैरों की स्किन टाइट और गर्म महसूस होती है।
  • एडीमा की वजह से टखनों,पंजों या पैरों को मोड़ना मुश्किल होता है।

एडीमा की परेशानी होने पर कब डॉक्टर को दिखाएं:

एडिमा के कई कारण हो सकते हैं। अगर आपके पैरों में सूजन आ रही हैं और लगातार बढ़ती जा रही है तो आप तुरंत डॉक्टर को दिखाएं और उसका उपचार करें।