Right time to take multivitamin: हमारी बॉडी को सही तरीके से काम करने के लिए कई तरह के पोषक तत्वों (Nutrients) की जरूरत होती है। आमतौर पर ये न्यूट्रिएंट्स हमें रोज के खानपान से मिल जाते हैं, लेकिन कई बार शरीर इन्हें ठीक से एब्ज़ॉर्ब नहीं कर पाता। ऐसे में हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह पर लोग सप्लीमेंट्स लेना शुरू कर देते हैं। हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि किस सप्लीमेंट को किस समय और किस तरह लेना सबसे फायदेमंद होता है। गलत समय पर सप्लीमेंट लेने से न सिर्फ उसका असर कम हो सकता है, बल्कि कुछ मामलों में नुकसान भी हो सकता है। तो चलिए न्यूट्रिशनिस्ट सिल्की महाजन से जानते हैं कि अलग-अलग सप्लीमेंट्स लेने का सही समय और तरीका क्या है…
विटामिन डी (Vitamin D)
न्यूट्रिशनिस्ट बताती हैं, विटामिन डी हड्डियों को मजबूत रखने और इम्युनिटी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। इसे नाश्ते या लंच के बाद लेना बेहतर माना जाता है। इसे ऐसे खाने के साथ लें जिसमें थोड़ा हेल्दी फैट हो, जैसे दूध, दही, घी या नट्स। फैट के साथ लेने से विटामिन डी शरीर में बेहतर तरीके से एब्ज़ॉर्ब होता है।
विटामिन बी12 (Vitamin B12)
यह विटामिन एनर्जी बढ़ाने और नर्व्स को हेल्दी रखने के लिए जरूरी है। इसे सुबह खाली पेट खाना अच्छा रहता है। इससे दिनभर शरीर में एनर्जी बनी रहती है और थकान कम महसूस होती है।
मल्टीविटामिन (Multivitamin)
मल्टीविटामिन शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी को पूरा करता है। आप इसे नाश्ते के साथ खा सकते हैं। न्यूट्रिशनिस्ट बताती हैं, खाली पेट लेने से कुछ लोगों को गैस या उलझन की समस्या हो सकती है।
प्रोबायोटिक्स (Probiotics)
प्रोबायोटिक्स पेट की सेहत और पाचन को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। न्यूट्रिशनिस्ट सिल्की महाजन के अनुसार, इसे खाली पेट या नाश्ते से पहले लेना सही रहता है। इससे अच्छे बैक्टीरिया आंतों तक सही तरीके से पहुंच पाते हैं।
कोलेजन (Collagen)
यह सप्लीमेंट्स कोलेजन त्वचा, बालों और जोड़ों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। इसे सुबह या रात को सोने से पहले खाना चाहिए। अगर इसे विटामिन C के साथ लिया जाए तो इसका असर और भी बेहतर होता है।
ओमेगा-3 (Omega 3)
ओमेगा-3 दिल और दिमाग को स्वस्थ रखने के साथ सूजन कम करने में मदद करता है। इसका सेवन खाने के बाद करना चाहिए। खासतौर पर ऐसे खाने के बाद जिसमें अच्छा फैट शामिल हो।
मैग्नीशियम (Magnesium)
मैग्नीशियम नसों को शांत करता है और अच्छी नींद लाने में सहायक होता है। इसका सेवन डिनर के बाद या सोने से पहले करना चाहिए। यह स्ट्रेस कम करने में भी मदद करता है।
आयरन (Iron)
आयरन शरीर में खून की कमी यानी एनीमिया से बचाने में मदद करता है। इसे सुबह खाली पेट खाएं। आप इसे विटामिन C (जैसे नींबू पानी या संतरा) के साथ ले सकते हैं। इस बात का ध्यान रखें कि आयरन लेने के आसपास चाय या कॉफी न पिएं, क्योंकि इससे आयरन का अवशोषण कम हो जाता है।
निष्कर्ष
न्यूट्रिशनिस्ट सिल्की महाजन के मुताबिक, सप्लीमेंट्स तभी फायदेमंद होते हैं जब उन्हें सही समय और सही तरीके से लिया जाए। किसी भी सप्लीमेंट को शुरू करने से पहले डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह जरूर लें, ताकि आपको पूरा लाभ मिल सके और किसी तरह का नुकसान न हो।
डिस्क्लेमर
यह स्टोरी सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार की गई है। किसी भी तरह के स्वास्थ्य संबंधी बदलाव या डाइट में परिवर्तन करने से पहले अपने डॉक्टर या योग्य हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
