खराब पाचन आज के समय में ज्यादातर लोगों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बना हुआ है और इसके चलते अधिकतर लोग सुबह पेट साफ न होने की समस्या से परेशान रहने लगे हैं। वहीं, अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो बता दें कि आप अपने खानपान और लाइफस्टाइल में अच्छे बदलाव कर इस स्थिति से राहत पा सकते हैं। इसके अलावा आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि आप अपने सोने की आदत में भी कुछ मामूली बदलाव कर पाचन को दुरुस्त कर सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे-

दरअसल, पोषण विशेषज्ञ दीपशिखा जैन ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में न्यूट्रिशनिस्ट बताती हैं कि बाई ओर करवट लेकर सोने से पाचन में सुधार किया जा सकता है। दीपशिखा जैन के मुताबिक, ये छोटा सा बदलाव आपके पाचन में सहायता कर, कब्ज और पाचन संबंधी कई अन्य समस्याओं से राहत दिलाने में बेहद मददगार साबित हो सकता है।

कैसे है फायदेमंद?

इस सवाल का जवाब देते हुए न्यूट्रिशनिस्ट बताती हैं, ‘बाईं ओर करवट लेकर सोने से छोटी आंत मल को अधित तेजी से बड़ी आंत में धकेल देती है। इससे फिर सुबह के समय मल त्यागने में आसानी होती है और आपको कब्ज, एसिड रिफ्लक्स या खराब पाचन की शिकायत नहीं होती है।’

क्या कहते हैं अन्य एक्सपर्ट्स?

वहीं, दीपशिखा जैन के इस वीडियो को लेकर इंडियन एक्सप्रेस संग हुई बातचीत के दौरान कंसेल्टेंट डाइटिशियन और मधुमेह शिक्षक कनिका मल्होत्रा ने सहमति जताते हुए कहा, ‘आपके पेट और आंतों की शारीरिक रचना के कारण बाईं ओर करवट लेकर सोने से पाचन में सहायता मिल सकती है।’

डाइटिशियन के मुताबिक, ‘बाईं ओर करवट लेकर सोने से गुरुत्वाकर्षण भोजन को पेट से छोटी आंत में अधिक कुशलता से ले जाने में मदद कर सकता है। इसके अतिरिक्त, पेट में पचे हुए भोजन को छोटी आंत से बड़ी आंत तक पहुचाने के फ्लो को कंट्रोल करने वाला स्फिंक्टर वाल्व (sphincter valve) दाईं ओर स्थित होता है। ऐसे में जब आप बाईं ओर करवट लेकर सोते हैं, तो गुरुत्वाकर्षण इस वाल्व के माध्यम से अपशिष्ट के पारित होने में सहायता करता है। इस तरह आपका पेट साफ रहता है।’

बरतें ये सावधानी

हालांकि, इन तमाम फायदों के बावजूद कनिका मल्होत्रा गंभीर हृदय रोग या हायटल हर्निया वाले लोगों को बाईं ओर करवट लेकर सोने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी बताती हैं। इससे अलग अगर आप लंबे समय तक एक करवट नहीं सो पा रहे हैं या इससे आपकी नींद में बाधा आती है, तो आप समय-समय पर करवट बदल सकते हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।