Kidney Damage Symptoms: किडनी शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। इसकी मदद से ही शरीर में जमा गंदगी बाहर निकलेगी। किडनी खून को छानने जैसा महत्वपूर्ण कार्य करती है। ऐसे में सभी अंगों को स्वस्थ रखने के लिए अपने खानपान से लेकर लाइफस्टाइल का ध्यान रखना पड़ता है। अगर, किडनी से संबंधी कोई समस्या हो रही है तो जल्द से जल्द इलाज कराना बहुत जरूरी है। मेडिकल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इसे नजरअंदाज करने पर किडनी फेल तक हो सकती है।
फोर्टिस हॉस्पिटल नोएडा के एडिशनल डायरेक्टर व हेड नेफ्रोलॉजी व किडनी ट्रांसप्लांट विभाग की डॉ. अनुजा पोरवाल ने किडनी से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी दी है और बताया कि किन संकेतों को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉ. अनुजा पोरवाल ने बताया कि खानपान और खराब जीवनशैली के कारण किडनी पर बहुत दबाव पड़ता है, जिसके चलते आज के समय किडनी से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। किडनी की समस्या से कई स्थितियों में मौत भी हो जाती है। हालांकि, किडनी में खराबी होने से पहले ही शरीर में कई तरह के लक्षण दिखाई देते हैं। जिन्हें समय रहते पहचानना और इलाज करवाना जरूरी है।
किडनी फेल होने से सुबह-सुबह दिखते हैं ये संकेत
- थकान और कमजोरी
- पेशाब में बदलाव
- पेट में ऐंठन
- खुजली-त्वचा संबंधी समस्याएं
सुबह-सुबह थकान और कमजोरी
अगर आप सुबह उठकर थकान या कमजोरी महसूस करते हैं तो यह एक गंभीर संकेत हो सकता है। किडनी की समस्या के कारण शरीर में टॉक्सिन जमा होने लगते हैं। इसके कारण सुबह उठने पर आपको हमेशा थकान महसूस होती है।
पेशाब में बदलाव
सुबह के पेशाब का रंग-मात्रा आपके गुर्दे के स्वास्थ्य का एक महत्वपूर्ण संकेत है। यदि आपका मूत्र बहुत पीला, झागदार या असामान्य रंग का है या आपको बार-बार पेशाब करना पड़ता है तो यह गुर्दे की समस्याओं का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
पेट में ऐंठन और अधिक प्यास लगना
अगर सुबह उठते ही पेट में सूजन या ऐंठन महसूस होती है, तो यह किडनी फेल होने का संकेत हो सकता है। इसके अलावा अगर आप सुबह उठते ही अक्सर प्यासे रहते हैं तो यह एक और संकेत हो सकता है। किडनी की समस्या के कारण शरीर में पानी का संतुलन नहीं बन पाता है, जिसके कारण आपको अधिक प्यास लगती है।
खुजली-त्वचा संबंधी समस्याएं
किडनी की समस्या के कारण शरीर में टॉक्सिन जमा होने लगते हैं। इससे त्वचा पर खुजली, चकत्ते या अन्य समस्याएं हो सकती हैं। अगर आप सुबह उठते ही त्वचा में असामान्य खुजली का अनुभव कर रहे हैं तो इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें।
विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्ल्यूएचओ के अनुसार, दुनिया भर में हर साल 17.9 मिलियन लोग हार्ट की बीमारी से मरते हैं। हार्ट अटैक से पहले शरीर कुछ संकेत देता है, जिसे नजरअंदाज करना जानलेवा हो सकता है।