हमारे देश में आज भी ज्यादातर लोग यौन संबंध को लेकर खुलकर बात करने से बचते हैं। यही वजह है कि आज भी सेक्सुअली ट्रांसमिटेड डिजीज (STD) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं, इस तरह के यौन रोग का अगर समय रहते इलाज न कराया जाए, तो समय के साथ ये पीड़ित की ओवरऑल हेल्थ को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है, साथ ही पीड़ित के पार्टनर के लिए भी बड़ा खतरा हो सकता है।
अब, सवाल ये उठता है कि आप सेक्सुअली ट्रांसमिटेड डिजीज से पीड़ित हैं, इस बात का पता कैसे लगाया जाए? दरअसल, कई बार STD होने पर भी लोगों को इसके बारे में पता नहीं चल पाता है। हालांकि, एक राहत की बात यह है कि सेक्सुअली ट्रांसमिटेड डिजीज की चपेट में आने पर आपको शुरुआत में ही कई तरह के लक्षण नजर आने लगते हैं। यही नहीं, आपको अपने चेहरे पर भी इसके संकेत नजर आ सकते हैं। यहां हम आपको कुछ ऐसे ही लक्षणों के बारे में बता रहे हैं, जिनकी समय रहते पहचान कर आप सही इलाज के साथ स्थिति को गंभीर होने से रोक सकते हैं।
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
मुंह या होंठों के आसपास छाले
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, मुंह में लगातार होने वाले छाले या खासकर होंठों के पास लगातार दाद होना STD का अहम लक्षण हो सकता है। ये छाले या दाद पानी से भरे होते हैं, जिनमें खुजली का एहसास परेशान कर सकता है। साथ ही एक समय बाद इनसे पहले गंदा पानी निकलता है और फिर होंठ के आसपास पपड़ी जैसी जमने लगती है। वहीं, एक बार छालों के ठीक हो जाने के बाद ये फिर कुछ समय बाद वापस उभरने लगते हैं।
स्किन रैशेज
अगर संबंध बनाने के तुरंत या कुछ समय बाद आपको स्किन पर खासकर अपने चेहरे पर बिना वजह रैशेज या लाल चकत्ते नजर आ रहे हैं, तो ये भी एसटीडी के चलते हो सकता है। इससे अलग चेहरे पर एक साथ कई लाल रंग के दानों का उभर आना भी STD का लक्षण हो सकता है। इस तरह के दाने आपके मुंह से शुरू होते हैं और फिर समय के साथ शरीर के बाकी अंगों पर भी फैलने लगते हैं।
पिंक आई सिंड्रोम
इन सब से अलग संबंध बनाने के बाद अचानक आंखों में होने वाला इंफेक्शन भी STD के अहम लक्षणों में से एक है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, संक्रमित व्यक्ति के गुप्तांगों को छूने के बाद अपनी आंख को छूने, रगड़ने या कॉन्टैक्ट लेंस को छूने से संक्रमण आंख में फैल सकता है, जिससे पिंक आई सिंड्रोम का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में अगर आपको इस तरह के लक्षण नजर आ रहे हैं, तो बिना अधिक समय गवाए एक बार हेल्थ एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।