कब्ज एक ऐसी समस्या है जिससे पीड़ित होने पर शख्स का खाना-पीना सब दुभर हो जाता है। आप जो कुछ भी खाते-पीते हैं, वह ठीक ढंग से पच नहीं पाता है जिससे आपको मल त्यागने में परेशानी होती है और इस तरह धीरे-धीरे आंतों में गंदगी जमा होने लगती है। वहीं, ये गंदगी कई और बीमारियों का कारण भी बन सकती है। कब्ज होने पर आपको पेट फूलना, पेट में ऐंठन, असहनीय दर्द, गैस, एसिडिटी, उल्टी, मतली, आदि समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अगर आप भी इस तरह की परेशानी से जूझ रहे हैं और सुबह घंटों टॉयलेट में बिताने के बाद भी आपका पेट साफ नहीं हो पाता है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है।

बता दें कि आयुर्वेद में कई ऐसी चीजों का जिक्र किया गया है जो कब्ज पर दवाओं से बेहतर असर कर सकती हैं। इन्हीं चीजों में से एक है सूखा आलूबुखारा यानी प्रून्स। वहीं, एक रिसर्च में भी ये साबित हुआ है कि सूखे आलूबुखारे इस परेशानी पर दवाओं से बेहतर असर दिखा सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे-

कब्ज पर कैसे असरदार है सूखा आलूबुखारा?

सूखे आलुबुखारे में विटामिन्स, फाइबर और मिनरल्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो आंतों की अच्छी सेहत के लिए जरूरी होते हैं। इसके अलावा इसमें मौजूद फेनोलिक कंपाउंड, सोर्बिटोल और क्लोरोजेनिक एसिड पाचन क्रिया को बेहतर बनाते हैं, जिससे पेट आसानी से साफ होता है और इस तरह इसके सेवन से आपको कब्ज की परेशानी से छुटकारा मिल सकता है। एलिमेंटरी फार्माकोलॉजी एंड थेरेप्यूटिक्स द्वारा किए गए एक शोध के नतीजे भी बताते हैं कि कब्ज में सूखे आलुबुखारे का सेवन साइलियम वाली दवाओं से भी बेहतर काम करता है।

कैसे करें सेवन?

  • इसके लिए आप रात को सोने से करीब आधे घंटे पहले 3 सूखे आलूबुखारे का ऐसे ही सेवन कर सकते हैं, इससे सुबह आपको मल त्यागने में आसानी होगी।
  • बेहतर नतीजों के लिए आप रात को 5 से 6 सूखे आलूबुखारे लें और उन्हें पानी में भिगो दें। इसके बाद सुबह उठकर खाली पेट इन्हें खाएं और बचा हुआ पानी भी पी लें। इससे भी आपकी कब्ज की समस्या जल्द दूर हो सकती है।

और भी हैं कई फायदे

  • कब्ज से राहत दिलाने से अलग सूखे आलूबुखारे दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद हैं। इसके सेवन से दिल के रोग होने का खतरा कम हो जाता है।
  • सूखे आलूबुखारे में फाइबर अच्छी मात्रा में पाया जाता है, ऐसे में इसका सेवन वेट लॉस में भी मददगार साबित हो सकता है। फाइबर रिच फूड आपको जल्दी-जल्दी भूख नहीं लगने देते हैं, जिससे आपका वजन कंट्रोल में रहता है। ये कोलेस्ट्रॉल को भी शरीर में बढ़ने से रोकता है।
  • साथ ही शुगर से पीड़ितों के लिए भी ये सूखा फल बेहद फायदेमंद माना जाता है। ये ब्लड में ग्लूकोज के स्तर को तेजी से बढ़ने नहीं देता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।